रायसेन/दमोह (मप्र), 23 नवंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए सर्वे करने वाले दो शिक्षक-सह-बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) की शुक्रवार को रायसेन और दमोह ज़िलों में “बीमारी” से मौत हो गई। हालांकि, मृत शिक्षकों के परिजनों और दोस्तों ने ज़्यादा काम और गिनती के लक्ष्य पूरा करने के दबाव को मौत का कारण बताया है।
रायसेन में एक बीएलओ छह दिनों से लापता
सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा, अधिकारियों ने बताया कि रायसेन ज़िले में एक बीएलओ पिछले छह दिनों से लापता है, और उसे ढूंढने की कोशिश जारी है। श्रीवास्तव ने कहा कि लापता बीएलओ की पहचान भव्य सिटी में रहने वाले शिक्षक नारायण दास सोनी के तौर पर हुई है। वह बिना किसी को बताए घर से निकले और छह दिनों से लापता हैं। पुलिस और सोनी के परिवार वाले उनकी तलाश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात मरने वाले दो बीएलओ की पहचान रमाकांत पांडे और सीताराम गोंड (50) के रूप में हुई है। दोनों वे रायसेन और दमोह ज़िलों में पदस्थ थे।
रायसेन में भी बीएलओ की मौत
भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) और इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर, चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने शनिवार को पीटीआई-भाषा को बताया, “सतलापुर इलाके के शिक्षक रमाकांत पांडे मंडीदीप में मतदाता सूची परीक्षण अभियान पर काम कर रहे थे। शुक्रवार देर रात किसी बीमारी की वजह से उनकी मौत हो गई।” पांडे की मौत की सही वजह के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं।”
इस बीच, पांडे की पत्नी रेखा और परिवार के दूसरे सदस्यों ने अधिकारियों को बताया कि वह टीलाखेड़ी के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ थे और उन्हें मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में ड्यूटी दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि वह बहुत ज़्यादा काम के बोझ से जूझ रहे थे, जिससे उन्हें हर रात निर्धारित काम पूरा करने के लिए ज़्यादा घंटे काम करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि पांडे को काम पूरा करने के लिए फ़ोन पर लगातार निर्देश मिलते थे। रेखा पांडे ने दावा किया कि लक्ष्य पूरे नहीं हुए और पिछली चार रातों से वह सोये नहीं थे। उन्होंने बताया कि उनके पति को निलंबन का डर सता रहा था।
उन्होंने कहा, “वह (रमाकांत पांडे) बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे एक ऑनलाइन मीटिंग में शामिल हुए और बाथरूम जाने के तुरंत बाद गिर पड़े। उन्हें पहले भोपाल के नोबल हॉस्पिटल ले जाया गया और बाद में एम्स में स्थानांतरित किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
जिला शिक्षा अधिकारी एस के नेमा ने शनिवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि दमोह जिले में, रंजरा गांव में बीएलओ के तौर पर काम कर रहे एक शिक्षक गोंड बृहस्पतिवार शाम को गिनती के फॉर्म भरते समय बीमार पड़ गए। अधिकारी ने कहा, “उन्हें दमोह के जिला अस्पताल ले जाया गया और गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए जबलपुर जिले में रेफर किया गया, जहां शुक्रवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।” गोंड के दोस्तों ने दावा किया कि उन्हें रंजरा और कूड़ा कूदन गांवों में गिनती करने वाले की ड्यूटी सौंपी गई थी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

