धार (मध्यप्रदेश), 08 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर रसायन कारखाने में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर पीथमपुर क्षेत्र के बगदून थाना क्षेत्र में स्थित श्री सागर लूब्रीकेंट ऑयल में हुई।
गैस लीकेज के कारण हुई यह घटना
धार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया की रविवार रात तीनों मजदूर कारखाने में रासायनिक टैंक की सफाई कर रहे थे, तभी वे जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इस घटना के संबध में जब कंपनी के प्रबंधक लोकेश गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया, ‘‘संयंत्र में काम करने के दौरान अचानक गैस लीकेज हुई, जिसमें एक मजदूर बेहोश हो गया। इसके बाद उसके दो साथी उसे उठाने पहुंचे, जिससे वे भी इसकी चपेट में आ गए।’’
मृतकों की पहचान:
- सुशील कुमार (30)
- दीपक (35)
- जगदीश (32)
तीनों के शव इंदौर के महराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल भेज दिए गए हैं। डावर ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और इसकी रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

