‘पायरो’ पटाखों की दुकान में आग, गैरेज और जिम तक पहुंचीं लपटें, कोई हताहत नहीं

‘पायरो’ पटाखों की दुकान में आग, गैरेज और जिम तक पहुंचीं लपटें, कोई हताहत नहीं
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 20 मई 2026 (भाषा)

इंदौर में मंगलवार को सजावटी ‘पायरो’ पटाखों की दुकान में आग लग गई और लपटों ने पास के ऑटो गैरेज, कुछ वाहनों और इमारत के ऊपरी तल पर स्थित जिम के बाहरी हिस्से को अपनी जद में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

ऑटो गैरेज और जिम तक पहुंचीं लपटें

‘पायरो (कोल्ड फायरवर्क्स)’ सजावटी आतिशबाजी का प्रभाव पैदा करते हैं जिनमें अपेक्षाकृत ठंडी चिंगारियां निकलती हैं। अधिकारियों ने बताया कि तेजाजी नगर क्षेत्र में ‘पायरो’ पटाखों की दुकान में अज्ञात कारण से आग लगी और लपटों ने पास के ऑटो गैरेज एवं वहां खड़े वाहनों को भी अपनी जद में ले लिया। उन्होंने बताया कि लपटें इमारत की ऊपरी मंजिल पर स्थित जिम के बाहरी शीशों तक पहुंच गईं, हालांकि वक्त रहते इन पर काबू पा लिया गया और जिम में कोई बड़ा नुकसान होने से बच गया।

नीचे खड़ा दोपहिया वाहन जलकर खाक

चश्मदीदों ने बताया कि आग से जिम में कसरत के लिए आए लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा जिनमें एक कार शामिल है। मौके पर मौजूद युवा मोहम्मद हुसैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘हम जिम में कसरत के लिए पहुंचे थे। नीचे की मंजिल से भीषण लपटें ऊपर तक आ रही थीं। मेरा दोपहिया वाहन नीचे खड़ा था जो आग में जलकर खाक हो गया।’’

आग पर पूरी तरह पा लिया गया काबू

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नरेंद्र रावत ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अग्निकांड के कारण का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ‘पायरो’ पटाखों की दुकान के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और गड़बड़ी मिलने पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements