इंदौर (मध्यप्रदेश), 14 अक्टूबर 2025 (भाषा)
इंदौर में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात भीषण आग से चार मंजिलों वाला रसायन कारखाना जलकर खाक हो गया और इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
आईएमसी के अग्निशमन अधिकारी विनोद मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र के एक रसायन कारखाने में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात 02:15 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
चार मंजिला कारखाना जलकर खाक
मिश्रा ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि इस पर काबू पाने के लिए इंदौर के साथ ही देपालपुर, बेटमा, महू, पीथमपुर और सांवेर सरीखे नजदीकी कस्बों से भी दमकल और अग्निशमन कर्मियों को बुलाया गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि भीषण अग्निकांड से करीब 20,000 वर्ग फुट में फैला चार मंजिला कारखाना जलकर खाक हो गया। उन्होंने बताया, ‘‘अग्निकांड में किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।”
100 से ज्यादा लगे पानी के टैंकर
मिश्रा ने बताया कि आग पर मंगलवार सुबह काबू पाया जा सका और इसमें पानी के 100 टैंकर से ज्यादा लगे। उन्होंने बताया कि अग्निकांड की वजह फिलहाल पता नहीं चल सकी है और इस घटना से रसायन कारखाने में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

