इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 अक्टूबर 2025 (भाषा)
संगीत निर्देशक और फिल्मकार पलाश मुछाल ने शुक्रवार को संकेत दिया कि उनकी सितारा क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ बहुत जल्द विवाह के रिश्ते में बंधने की योजना है।
दोनों लम्बे समय से हैं प्रेम संबंध में
मीडिया की खबरों में कयास लगाए जाते हैं कि पलाश मुछाल और स्मृति मंधाना लम्बे समय से प्रेम संबंध में हैं। सोशल मीडिया पर सामने आईं कई तस्वीरों में भी इस जोड़े को अक्सर एक-दूसरे के साथ देखा गया है।
मैंने आपको हेडलाइन दे दी है : पलाश मुछाल
पलाश मुछाल मूलतः इंदौर के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने गृह नगर में स्टेट प्रेस क्लब के ‘रू-ब-रू’ कार्यक्रम के दौरान मंधाना से खास लगाव और उनसे जुड़ी यादों के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा,‘‘वह बहुत जल्दी इंदौर की बहू बनेंगी…मैं बस इतना कहना चाहता हूं।’’ इस बात पर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच 30 वर्षीय संगीत निर्देशक ने हंसते हुए कहा,‘‘मैंने आपको हेडलाइन दे दी है।’’
पलाश मुछाल ने कहा,‘‘मेरी शुभकामनाएं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति (मंधाना) के साथ हैं। हम हमेशा चाहते हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम हर मैच जीते और देश का नाम रोशन करे।’’
राजू बाजे वाला की शूटिंग के सिलसिले में इंदौर में मुछाल
मुछाल अपने निर्देशन में बन रही फिल्म ‘राजू बाजे वाला’ की शूटिंग के सिलसिले में इंदौर में हैं। टीवी धारावाहिक ‘बालिका वधू’ से मशहूर अविका गौर और ‘पंचायत’ वेब सीरिज से पहचान बनाने वाले चंदन रॉय इस फिल्म में प्रमुख किरदारों में हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

