फतेहगढ़ साहिब (पंजाब), 18 अक्टूबर 2025 (भाषा)
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लग गई। रेलवे बोर्ड के अनुसार, इस घटना में एक महिला को मामूली चोटें आई हैं। घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
सुबह सात बजे मिली आग लगने की सूचना
आग सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय लगी अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 12204) अमृतसर से आ रही थी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के एक एसी कोच में धुआं देखा गया। एक यात्री ने ट्रेन रोकने के लिए चेन (अलार्म चेन खींचने की प्रणाली) खींची जिसके बाद यात्रियों को डिब्बे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग ने डिब्बे (जी-19) को जल्द ही अपनी चपेट में ले लिया। दो अन्य डिब्बों को भी मामूली नुकसान हुआ। जीआरपी अधिकारी ने बताया कि तीनों डिब्बों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया गया और दमकल गाड़ियों को तुरंत बुलाया गया।
एक महिला को आई मामूली चोटें
रेलवे बोर्ड ने बताया कि घटना में एक महिला को मामूली चोटें लगी हैं। जीआरपी सरहिंद के थाना प्रभारी रतन लाल ने बताया कि 32 वर्षीय महिला को कुछ चोटें आई हैं और उसे फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्राधिकारियों ने प्रभावित डिब्बे के यात्रियों को अन्य डिब्बों में स्थानांतरित कर दिया है। ट्रेन शीघ्र ही अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

