सील गोदाम खोलने की मंजूरी के बदले कबाड़ी से घूस लेते पकड़े गए दो सरकारी कर्मचारी

सील गोदाम खोलने की मंजूरी के बदले कबाड़ी से घूस लेते पकड़े गए दो सरकारी कर्मचारी
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 04 अक्टूबर 2025 (भाषा)

पुलिस के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने इंदौर नगर निगम (आईएमसी) के सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) समेत दो कर्मचारियों को सील गोदाम खोलने की मंजूरी के बदले एक कबाड़ी से 40,000 रुपये की घूस लेने के आरोप में शुक्रवार को पकड़ लिया।

सील गोदाम को दोबारा खोलने के बदले मांगी रिश्वत

ईओडब्ल्यू के उपाधीक्षक (डीएसपी) कन्हैयालाल दांगी ने बताया कि आईएमसी के सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) पुनीत अग्रवाल और प्रभारी बिल कलेक्टर रोहित साबले को एक कबाड़ी से सरकारी दफ्तर में 40,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि शहर के पिपल्याहाना क्षेत्र में कबाड़ी का गोदाम संपत्ति कर बकाया होने के नाम पर सील कर दिया गया था और इसे खोलने की मंजूरी देने की एवज में दोनों कर्मचारियों ने कथित तौर पर मिलीभगत करके उससे घूस मांगी थी।

रिश्वत लेते पकड़ा रंगे हाथ

डीएसपी ने बताया,‘‘हमने इस शिकायत पर जाल बिछाकर बिल कलेक्टर साबले को आईएमसी के सरकारी दफ्तर में कबाड़ी से 40,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। इस वक्त एआरओ अग्रवाल भी वहीं मौजूद था।’’ उन्होंने बताया कि आईएमसी के दोनों कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीएसपी ने बताया कि घूसखोरी के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और संबद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements