बरगी क्रूज हादसा : गोताखोरों को डूबी हुई क्रूज़ नाव के अंदर बच्चे को पकड़े हुए महिला का शव मिला

बरगी क्रूज हादसा : गोताखोरों को डूबी हुई क्रूज़ नाव के अंदर बच्चे को पकड़े हुए महिला का शव मिला
Share this news

जबलपुर, 01 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे में पीड़ितों की खोज के दौरान एक मार्मिक दृश्य सामने आया, जिसने अनुभवी बचावकर्मियों को भी भावुक कर दिया। अर्धसैनिक बल के गोताखोरों की टीम को नाव के मलबे के भीतर एक महिला का शव मिला, जो अपने बच्चे को अंतिम क्षणों तक कसकर सीने से लगाए हुए थी।

डूबी नाव में फंसा गोताखोर बाल बाल बचा

आगरा से आई गोताखोर टीम ने बताया कि डूबी हुई नाव के भीतर हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। सीमित जगह, टूटे ढांचे और बाहर निकली लोहे की छड़ों के कारण उन्हें हथौड़ों की मदद से रास्ता बनाना पड़ा। इस दौरान एक गोताखोर खुद फंसते-फंसते बचा।

बच्चे को सीने से लगाए मिली माँ की लाश

एक गोताखोर ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘शुरुआत में महिला के शव को निकालने में दिक्कत आई। बाद में पता चला कि वह अपने बच्चे को कसकर पकड़े हुए थी, जिससे उन्हें अलग करना मुश्किल था। यह दृश्य बेहद भावुक करने वाला था।’’ उन्होंने बताया कि कम दृश्यता, टूटे हुए ढांचे और तंग जगह के कारण अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

अँधेरे में डूबी नाव, बाहर आई 5 लाशें

एक अन्य बचावकर्मी ने कहा कि अंदर दृश्यता लगभग शून्य थी और बार-बार लोहे की छड़ों और मलबे से उपकरण उलझ रहे थे। कई जगह उन्हें बेहद संकरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। बचावकर्मियों के मुताबिक, नाव का ढांचा दोनों ओर से ध्वस्त हो चुका था और अंदर लगी ग्रिलों के कारण रास्ते और भी खतरनाक हो गए थे। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद टीम अब तक जलाशय से पांच शव निकाल चुकी है, जिनमें एक बच्चा और चार वयस्क शामिल हैं।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements