कटनी : बसाड़ी में भीषण सड़क हादसा, डंपर और कार की टक्कर में 4 की मौत

बसाड़ी में भीषण सड़क हादसा, डंपर और कार की टक्कर में 4 की मौत
Share this news

विवाह समारोह से लौटते समय नरसिंहपुर जिले के सगोरिया निवासी रघुवंशी परिवार हुआ हादसे का शिकार

कटनी, 01 मई 2026 (दैमप्र)

जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसाडी के समीप बुधवार – गुरुवार की दरम्यानी रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की जान चली गई।  तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए जबकि एक अन्य की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

रघुवंशी परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, सुबह 5 बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के सगोरिया निवासी रघुवंशी परिवार के सदस्य बरही के पिपरिया कला खिरहनी में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। खुशियों भरे कार्यक्रम के बाद रात करीब 2 बजे परिवार के पांच सदस्य अनिल, राकेश, अरुण, अभिषेक और गजेंद्र रघुवंशी कार द्वारा वापस नरसिंहपुर के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 5 बजे बसाडी चौराहे के पास उनकी कार क्रमांक एमपी 04 सीके 6078 का एक्सीडेंट हो गया।

डंपर ने मारी कार को टक्कर, 4 की मौत

परिजनों ने बताया कि डंपर क्रमांक एमपी 50 एच 1383 के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही कार को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला। इस हादसे में अनिल, राकेश और अरुण रघुवंशी की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि गंभीर रूप से घायल अभिषेक और गजेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान अभिषेक की भी मृत्यु हो गई।

पैतृक गांव में शोक की लहर

इस दुखद समाचार के बाद से पूरे क्षेत्र और पैतृक गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटनाकारी डंपर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। बड़वारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश हेतु संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements