समझौता करने के लिए बेताब है ईरान : डोनाल्ड ट्रंप

समझौता करने के लिए बेताब है ईरान : डोनाल्ड ट्रंप
Share this news

वॉशिंगटन, 01 मई 2026 (भाषा)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए ‘‘समझौता करने को बेताब’’ है और उन्होंने हवाई हमलों को फिर से शुरू करने की संभावना को लगभग खारिज कर दिया।

ईरान की धमकी पर ट्रंप का पलटवार

ट्रंप ने बृहस्पतिवार दोपहर ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यालय) में मीडिया से बातचीत के दौरान ये टिप्पणियां की। ट्रंप ने ये टिप्पणियां ऐसे समय में कीं जब ईरान ने धमकी दी है कि यदि अमेरिका ने फिर हमले किए तो वह भी हमले कर जवाबी कार्रवाई करेगा।

ट्रंप बोले : अब हमले की जरूरत नहीं

अमेरिका और ईरान ने आठ अप्रैल को युद्धविराम पर सहमति जताई थी तब से युद्ध अस्थायी रूप से रुका हुआ है। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह पुन: हमले करेंगे तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि हमें इसकी जरूरत है।” अमेरिका के राष्ट्रपति ने दावा किया कि सैन्य कार्रवाई ने ईरान की क्षमताओं को काफी हद तक कमजोर कर दिया है।

ईरान की नौसेना-वायुसेना खत्म : ट्रंप

उन्होंने कहा, “उनकी नौसेना खत्म हो गई है। उनकी वायुसेना खत्म हो गई है… उनके करीब 82 प्रतिशत ड्रोन कारखाने ठप हो गए हैं। उनके मिसाइल उत्पादन पर भी असर पड़ा है। उनके मिसाइल कारखाने लगभग 90 प्रतिशत तक ठप हो गए हैं।” ट्रंप ने कहा कि “हमने उनकी परमाणु क्षमता को पूरी तरह नष्ट कर दिया है” और होर्मुज जलडमरूमध्य की ‘‘अमेरिकी नाकाबंदी के परिणामस्वरूप ईरानी अर्थव्यवस्था चरमरा’’ रही है। उन्होंने कहा, “उन्हें तेल से कोई मुनाफा नहीं मिल रहा है।’’

ईरान समझौता करने के लिए बेताब : डोनाल्ड ट्रंप

ट्रंप ने कहा, “ईरान समझौता करने के लिए बेताब है।’’ उन्होंने कहा कि युद्धरत पक्षों के बीच बातचीत की स्थिति की जानकारी केवल कुछ ही लोगों को है। उन्होंने कहा, “मेरे और कुछ अन्य लोगों के अलावा किसी को नहीं पता कि बातचीत की क्या स्थिति है।’’

विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements