व्यापरियों ने बाजार बंद किया, कोतवाली थाने में की शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
कटनी, 03 अगस्त 2025 (दैमप्र)
शनिवार को सराफा बाजार में हड़कंप मचा रहा सराफा कारोबारी अपना कारोबार बंद कर कोतवाली में एकत्रित होकर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
यह है घटना
घटना यह है कि सराफा कारोबारियों व कारीगरों ने हमेशा की तरह अपने सोने के जेवर सराफा एसोसिएशन सदस्य व सराफा बाजार में श्रेया टूल्स नामक प्रतिष्ठान के संचालक अंशुल सोनी पिता ओमप्रकाश सोनी को सप्लाई के लिए दिए थे। इसके बाद बुधवार को जब अंशुल को कारोबारियों ने फोन लगाया तो उसका मोबाइल स्वीच आफ था। जिसके बाद सभी कारोबारियों ने 5 से 6 घंटे इंतजार किया और एक-दूसरे से चर्चा की तो उन्हे एहसास हुआ कि उनके साथ अंशुल ने धोखाधड़ी की है तथा उनका दो करोड़ से अधिक का सोना लेकर गायब हो गया है। धोखाधड़ी का शिकार हुए कारोबारियों क्रमश: मनोज सोनी, मयंक सोनी, सुनील सोनी, अंकित सोनी, अमन सोनी, जित्तू सोनी, अंकित सोनी, अयुश सोनी, सुधीर सोनी, शिवम सोनी, आशीष सोनी आरोप लगाया है कि जब इस मामले में अंशुल के पिता से बात कि गई तो उन्होंने कारोबारियों के साथ गाली गलौज करते हुए सभी को भगा दिया और अंशुल के बारे में जानकारी देने से इंकार कर दिया।
अंशुल की लास्ट लोकेशन मुंबई महाराष्ट्र
धोखाधड़ी का शिकार हुए कारोबारियों ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत कोतवाली प्रभारी सहित पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की और अंशुल की मोबाइल लोकेशन पता करने पर उसकी लास्ट लोकेशन मुंबई महाराष्ट्र आई है। जबकि अंशुल के परिजनों ने भी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

