कटनी दैमप्र। बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में रविवार दोपहर आसमान से आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामजी सिंह रघुवंशी पिता सुंदर सिंह रघुवंशी निवासी ग्राम इमलिया थाना बड़वारा के रूप में हुई है। रामजी सिंह अपनी बकरियां चराने के लिए पास के खेत में गया था तभी अचानक आसमान से बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि पास की एक झोपड़ी में खड़ी दो महिलाएं भी बिजली की चपेट में आ गईं। घायलों में 27 वर्षीय अर्चना पति राजू राम और 25 वर्षीय राधा पति सागर शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायल महिलाओं को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि इमलिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हुई है और दो अन्य महिलाएं घायल हुई हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।

