कटनी दैमप्र। शहर के मुख्य बाजार मेन रोड स्थित गीता एजेन्सी में गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया।जानकारी के मुताबिक गीता एजेन्सीज में अगरबत्ती की थोक और फुटकर बिक्री होती है। यहां लाखों का माल आग में जलकर खाक हो गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में लगी हुई है जबकि यातायात पुलिस एवं कोतवाली पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और यातायात व्यवस्था ठीक करने में जुटी रही। आग बुझाने में 3 फायर बिग्रेड वाहनों से 5 गाड़ी पानी लगा। दुकान पर चाय पत्ती, मोमबत्ती, दूध पाउडर सहित अगरबत्ती का भारी स्टॉक था। दुकान संचालक प्रकाश चंद तनवानी ने बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट से लगी है। दोपहर से ही बिजली का वोल्टेज घट बढ़ रहा था। आग लगने से लगभग 25- 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

