KATNI : थानेदार के सरकारी आवास पर ताला, साहब ने शहर को बनाया रहवास 

Share this news

बड़वारा के ग्रामीणों ने एसपी के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कटनी दैमप्र। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्रामीणों ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार संदीप सिंह को सौंपा है। इस ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि बड़वारा मुख्यालय में स्थित थाना प्रभारी का बंगला बनकर तैयार है, लेकिन मौजूदा थाना प्रभारी के.के. पटेल उस बंगले पर निवास नहीं करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी की मुख्यालय पर गैर-मौजूदगी के कारण कई बड़ी घटनाओं और दुर्घटनाओं पर पुलिस समय पर नहीं पहुंच पाती, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि नए थाना प्रभारी के बंगले का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और वह पूरी तरह से रहने योग्य है, फिर भी थाना प्रभारी पटेल वहां नहीं रह रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति से कानून व्यवस्था पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा है कि थाना प्रभारी का मुख्यालय में उपस्थित रहना अत्यंत आवश्यक है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो सके।इस संबंध में जब ग्रामीणों से बात की गई तो उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार गंभीर अपराधों या दुर्घटनाओं की सूचना देने के बावजूद पुलिस बल को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी होती है, क्योंकि थाना प्रभारी मुख्यालय में मौजूद नहीं होते इससे न सिर्फ अपराधियों के हौसले बुलंद होते हैं, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना भी कम है।

ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से गुहार लगाई है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और सुनिश्चित करें कि थाना प्रभारी के.के. पटेल बड़वारा मुख्यालय स्थित अपने बंगले पर ही निवास करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

About Post Author


Share this news
Advertisements