विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के घुनौर गांव में बेहद दर्दनाक घटना, कई दिनों से घूम रहे तेंदुए ने बालक को बनाया शिकार, इलाके में फैली दहशत
कटनी, 31 दिसंबर 2025 (दैमप्र)
कटनी जिले के विजयराघवगढ़ के पास स्थित घुनौर गांव में मंगलवार को आदमखोर तेंदुए ने 5 वीं क्लास के छात्र को अपना शिकार बनाया, तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों ने पुलिस व वन विभाग को सूचना दी इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया। लोगों का शोर सुनकर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया लेकिन तब तक बच्चा खून से लथपथ हो चुका था। बच्चे की मौत के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है लोगों में तेंदुए की दहशत है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति रोष जताया है।
साथ खेल रहे बच्चों ने ग्रामीणों को दी सूचना
तेंदुए के हमले की सूचना पाकर वन विभाग एवं पुलिस मौके पर पहुंची ग्रामीणों के अनुसार ग्राम घुनौर निवासी राज कोल (10 वर्ष) 5 वीं क्लास का छात्र था। वह स्कूल के बाहर अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था इस दौरान जंगल की ओर से आदमखोर तेंदुआ आया तेंदुए ने राज कोल को अपने जबड़े में दबाया और जंगल की ओर भाग गया। ये देखकर साथ खेल रहे बच्चों ने गांव में जाकर लोगों को बताया बिना देर लगाए ग्रामीणों ने वन विभाग एवं पुलिस विभाग को सूचना दी।
वन अमले ने ड्रोन की मदद से किया रेस्क्यू
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ड्रोन की सहायता से तेंदुए के पदमार्क के आधार पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राज कोल का शव जंगल की झाड़ी में खून से लथपथ मिला। वन विभाग ने ड्रोन, पगमार्क, ट्रैकिंग और घेराबंदी से तेंदुए की तलाश तेज कर दी है।
पिंजरा लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। ग्रामीणों को समूह में रहने और रात में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। वन विभाग मुनादी कर सतर्कता बरतने की चेतावनी दे रहा है। एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया ग्रामीणों के गुस्से को शांत करने के लिए पुलिस लगातार बात कर रही है।

सांसद ने जताया शोक, हर संभव मदद का दिया भरोसा,
तेंदुए के हमले से 10 वर्षीय बालक राज पिता दशरथ की हुई दर्दनाक मृत्यु पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों से ली। श्री शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये की तात्कालिक मदद दी जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया है। सांसद ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए वन क्षेत्रों के समीप निवास करने वाले नागरिकों से सतर्क रहने, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने तथा किसी भी वन्यजीव गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग अथवा प्रशासन को देने की अपील की है।
विधायक ने पैट्रोलिंग बढ़ाने किया आग्रह
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक ने वन विभाग के वन मंडल अधिकारी गौरव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों से सम्पर्क करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। विधायक संजय पाठक ने तत्काल फोन पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष उदयराज सिंह,मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह से बात करते हुए घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए एवं आदिवासी बालक राज कोल की दुखद घटना में हुए निधन पर शोक व्यक्त किया और अपने संदेश में कहा कि बालक की तो हम वापस नहीं ला सकते पर पर दुखी परिवार की शासन से हर तरह से मदद कराई जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने डीएफओ गौरव शर्मा से बात कर परिवार की मदद एवं विजयराघवगढ़ विधानसभा का बहुत बड़ा हिस्से में वन्य जीवों की सक्रियता को देखते हुए तत्काल रूप से वन्य जीवों एवं मानव के बीच टकराव को रोकने के लिए फॉरेस्ट गार्ड, बीट गार्ड की पैट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह किया जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

