परड़िया में चल रहा था मुरम का अवैध परिवहन, आधी रात धरने पर बैठे ग्रामीण, प्रधान आरक्षक निलंबित
कटनी 1 जुलाई 2025 (दैमप्र)
एनकेजे क्षेत्र के परड़िया में मुरम के अवैध भंडारण व परिवहन का खेल लंबे अर्से से चल रहा था इस अवैध कारोबार का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने बीती रात सड़क पर धरना दे दिया तो प्रशासन हरकत में आया और रविवार को एनकेजे पुलिस व खनिज विभाग की टीम ने परड़िया के समीप झलवारा पुलिया के पास दबिश देकर करीब 1600 डंपर मुरम का अवैध भंडारण पकड़ा। दूसरी ओर इस मामले में बाकल थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक के के शुक्ला को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कर्मी को निलंबित कर मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी है। उल्लेखनीय है कि प्रधान आरक्षक शुक्ला को हाल ही में बड़वारा थाना से हटाकर बाकल थाने में पदस्थ किया गया था। 17 जून से वह गैरहाजिर चल रहा है।
जानकारी के अनुसार परड़िया से झलवारा मार्ग पर निर्माणाधीन अंडरब्रिज के समीप भारी मात्रा में मुरम का भंडारण किया गया है। इस मुरम का परिवहन रेलवे द्वारा ठेकेदार अनुभव शुक्ला के माध्यम से अपने कार्यों के लिए कराया जा रहा था। ग्रामीण लगातार मुरम के अवैध परिवहन पर सवाल उठा रहे थे और इस कार्य का विरोध कर रहे थे। बीती रात जनपद सदस्य आशीष तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर धरना देते हुए वाहनों को रोक दिया। प्रशासन को धरने की सूचना मिली तो रविवार को सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा व एनकेजे थाना प्रभारी अनिल यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान मुरम के भंडारण से परिवहन कर रहे ठेकेदार ने खनिज अधिकारी को रेलवे से संबंधित कार्य होने की जानकारी दी। बताया कि रेलवे के ग्रेड सेपरेटर निर्माण के लिए पिलर्स की खुदाई से निकली मुरम का भंडारण किया गया है और इसे रेलवे के लिए ही परिवहन कर सप्लाई किया जा रहा है। सहायक खनिज अधिकारी ने भंडारण स्थल की जांच की तो वह शासकीय भूमि पाई गई। शासकीय भूमि पर बिना अनुमति खनिज का करीब 1600 डंपर भंडारण पाया गया। ठेकेदार परिवहन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने भंडारण को जब्त कर लिया।
बगैर अनुमति चल रहा था खेल
सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा ने बताया कि मुरम के अवैध परिवहन पर दो दिन पूर्व ही पड़रिया से दो डंपर जब्त किए गए थे। जांच में शासकीय भूमि पर पूर्व में खोदे गए करीब 1600 डंपर मुरम का भंडारण पाया गया है। मुरम के भंडारण संबंधित दस्तावेज रेलवे, इरकॉन या एलएडंटी से मांगे गए हैं। मौके पर परिवहन कर रहा ठेकेदार न तो भंडारण से संबंधित दस्तावेज दिखा सका और न ही परिवहन की अनुमति।
रेल अधिकारियों की हो सकती है सांठगांठ
मुरम के इस अवैध परिवहन व अवैध भंडारण में रेलवे के अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध है। रेलवे की इरकॉन व अंडरब्रिज निर्माण कर रही कंपनी एलएनटी ने बिना अनुमति भारी मात्रा में खनिज का भंडारण किया और फिर इसी खनिज का परिवहन करने का ठेका ठेकेदार को दे दिया। ठेकेदार ने भी नियमों को ताक पर रखकर ग्रामीणों के विरोध के बावजूद परिवहन किया।
ग्रामीणों को प्रधान आरक्षक ने धमकाया
जानकारी के अनुसार बाकल थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक केके शुक्ला का पुत्र अनुभव शुक्ला ही मुरम के परिवहन का कार्य कर रहा था। बीते दिनों ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो बाकल थाना से गैरहाजिर रहकर प्रधान आरक्षक केके शुक्ला ग्रामीणों को धमकाने पहुंचा था। ग्रामीणों से अमार्यादित बात की थी। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा प्रधान आरक्षक केके शुक्ला के खिलाफ शिकायत की गई थी।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

