खदान ब्लास्टिंग से घरों तक पहुंचे पत्थर,आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी डंफर में की तोड़फोड़ 

खदान ब्लास्टिंग से घरों तक पहुंचे पत्थर,आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी डंफर में की तोड़फोड़ 
Share this news

पुलिस की मौजूदगी में खदान संचालक ने की लोगों से बदसलूकी

कटनी 30 जून 2025(दैमप्र)

जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भदावार ग्राम में संचालित कस्तूरबा मिनरल्स की खदान में रविवार दोपहर हुई खदान ब्लास्टिंग ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश भर दिया। ब्लास्टिंग के दौरान उड़े पत्थर दर्जनों ग्रामीणों के घरों तक जा पहुंचे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घरों को नुकसान पहुंचा है।

कंपनी के उपकरणों की तोड़फोड़ : खदान ब्लास्टिंग

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कंपनी के उपकरणों पर तोड़फोड़ कर जेसीबी डंफऱ पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के.के पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ही कस्तूरबा मिनरल्स के संचालक ने आक्रोशित आदिवासी युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। 

ग्रामीणों का आरोप है कि कस्तूरबा मिनरल्स खदान में मनमाने तरीके से ब्लास्टिंग कर दी जाती है, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है। ग्रामीण समनु राम ने बताया कि खदान गांव के बेहद नजदीक है, जिसके कारण आए दिन पत्थर घरों तक पहुंचते हैं। जब ग्रामीण इसका विरोध करते हैं तो संचालक द्वारा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी जाती है।

इस पूरे मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरी ने बताया कि ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर घरों तक पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी है। इसी बात को लेकर खदान संचालक और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था पूरे मामले की जांच की जा रही है।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements