फिल्म निर्देशक ने मोनालिसा की शादी को ‘लव जिहाद’ करार दिया, मप्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात की तैयारी

Share this news

खरगोन (मध्यप्रदेश), 16 मार्च 2026 (भाषा)

फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान प्रसिद्धि हासिल करने वाली युवती मोनालिसा भोंसले की एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ शादी ‘लव जिहाद’ का मामला है। रविवार को भोंसले के परिवार से मुलाकात के बाद सनोज मिश्रा ने कहा कि वह इस मामले को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष उठाएंगे।

‘यह शादी नहीं, लव जिहाद का मामला’

महेश्वर में भोंसले के माता-पिता से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मध्य प्रदेश सरकार इस मामले को गंभीरता से लेगी। उन्होंने कहा कि वह परिवार के साथ पूरे घटनाक्रम को प्रस्तुत करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि परिवार को अब एहसास हो गया है कि ‘‘यह लड़की को फंसाने का एक सुनियोजित प्रयास था।’’ मिश्रा ने कहा कि कुछ संगठन बेरोजगार युवाओं को हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने के लिए धन उपलब्ध कराते हैं ताकि सनातन धर्म को बदनाम किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भोंसले की शादी ‘लव जिहाद’ है।

सनोज मिश्रा का आरोप : मोनालिसा का किया गया ब्रेनवॉश

फिल्मकार ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में भोंसले को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था, जो धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर आधारित है। मिश्रा ने आरोप लगाया कि फिल्म की वजह से उन्हें और उनकी ‘सनातनी विचारधारा’ को निशाना बनाया गया और भोंसले का ‘ब्रेनवॉश’ किया गया तथा उन्हें फंसाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पूरा प्रकरण एक पटकथा की तरह लिखा और अंजाम दिया गया है।

केरल में हुई शादी पर भी उठाए सवाल

फिल्म निर्माता ने यह भी सवाल किया कि शादी केरल में क्यों हुई। उन्होंने कहा कि भोंसले और उनके पति के बीच के रिश्ते को सांप्रदायिक सौहार्द के उदाहरण के रूप में चित्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर लड़का हिंदू होता और लड़की मुस्लिम होती तो क्या रिश्ते को उसी तरह पेश किया जाता?’’ मिश्रा ने दावा किया कि मुलाकात के दौरान भोंसले की दादी, चाची, छोटी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों ने कहा कि उन्हें इस घटना के कारण सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है।

चाचा ने किया मोनालिसा के नाबालिग होने का दावा

उसके चाचा विजय भोंसले ने दावा किया कि उसका जन्म 2009 में हुआ था और वह अब भी नाबालिग है। उन्होंने आरोप लगाया कि पासपोर्ट प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों में उसकी उम्र बढ़ा दी गई, ताकि शादी को कानूनी रूप से सही साबित किया जा सके। हालांकि, मोनालिसा भोंसले ने इससे पहले कहा था कि उनके नाबालिग होने की खबरें ‘‘फर्जी और गलत’’ हैं। उसने पिछले हफ्ते अपनी शादी के बाद केरल में मीडिया को बताया, ‘‘मैं 18 साल की हूं।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements