ओडिशा : अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत, 11 कर्मी झुलसे

ओडिशा : अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत, 11 कर्मी झुलसे
Share this news

भुवनेश्वर, 16 मार्च 2026 (भाषा)

ओडिशा सरकार द्वारा संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने यह जानकारी दी। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री ने बताया कि मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान अस्पताल के करीब 11 कर्मचारी झुलस गए।

आईसीयू में भर्ती थे 23 मरीज, 10 की मौत

मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रॉमा केयर गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) और उससे सटे आईसीयू में 23 मरीज भर्ती थे। उन्होंने कहा कि आग लगने से सात मरीजों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की दम घुटने या जलने से मौत हो गई। माझी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘इस घटना में कुल 10 मरीजों की मौत हुई है।’’ उन्होंने कहा कि आग शायद शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

मुख्यमंत्री माझी ने लिया जायजा

माझी ने इस मामले में न्यायिक जांच की भी घोषणा की और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक को मामले की जांच करने तथा तुरंत उन्हें रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अग्निशमन विभाग के महानिदेशक को निर्देश देता हूं कि वह स्वयं एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा करें और अग्निशमन सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें।’’ मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि न्यायिक जांच के बाद रिपोर्ट में यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आग बुझाने का प्रयास जारी

एक अधिकारी ने बताया कि आग देर रात ढाई बजे से तीन बजे के बीच लगी। दमकलकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे और आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया। दमकल सेवा के अधिकारियों ने अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों और मरीजों के तीमारदारों के साथ मिलकर आईसीयू में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला और उन्हें एससीबी अस्पताल के अन्य विभागों में स्थानांतरित किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने किया शोक व्यक्त

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को ओडिशा के एक अस्पताल में आग लगने की घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा के कटक में स्थित एक अस्पताल में भीषण आग लगने से हुई जनहानि से अत्यंत व्यथित हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements