मंडला (मध्यप्रदेश), 13 नवंबर 2025 (भाषा)
मध्य प्रदेश के मंडला जिले में एक ट्रक पुल की रेलिंग से टकराकर बरगी बांध के बैकवाटर में गिर गया। यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुई। नर्मदा नदी पर बने बांध के बैकवाटर में गिरे ट्रक में सवार लोगों की संख्या अभी पता नहीं चल पाई है।
टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, “ट्रक को बाहर निकालने के बाद ही उसमें सवार लोगों की वास्तविक संख्या का पता चल पाएगा।”
घटनास्थल पर पानी का स्तर बहुत ज़्यादा है, जिससे सतह और पुल के बीच केवल 12 से 15 फुट की दूरी रह गई है। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक वाहन को निकाला नहीं जा सका था, क्योंकि बचाव अभियान के लिए भेजी गई क्रेन मौके पर नहीं पहुंच पाई थी।
पुल के पास मिले अनाज के बोरों के आधार पर पुलिस को शक है कि वाहन में चावल भरा हुआ था। इस बीच, गोताखोरों और बचावकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

