पन्ना (मध्यप्रदेश), 04 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के पन्ना में प्रतिमा विसर्जन यात्रा में एक वाहन (एसयूवी) के घुसने से दो लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
पवई इलाके में हुआ यह हादसा
यह दुर्घटना बृहस्पतिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे पन्ना के पवई इलाके में हुई। हादसे के बाद एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। कटनी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने कहा, ‘‘दुर्घटना में घायल हुए 14 लोगों को अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।’’
मृतकों की पहचान:
- राकेश पटेल (36)
- पुरुषोत्तम पटेल (38)
घायलों को लाया गया कटनी जिला अस्पताल
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि एसयूवी चालक को गिरफ्तार कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायलों को पन्ना जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर स्थित पवई से कटनी जिला अस्पताल ले जाया गया, क्योंकि यह नजदीक है और यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

