रायसेन (मध्यप्रदेश), 17 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम मंडीदीप के पास ग्राम मोजमपुरा में हुई, जहां खेत में बने एक गहरे गड्ढे में दोनों नाबालिग नहाने उतरे थे।
खेत के गड्ढे में नहाने उतरे 10वीं के 2 दोस्त डूबे
मंडीदीप के थानाप्रभारी विजय त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शनिवार शाम मंडीदीप निवासी कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले दो दोस्त अमन बाल्मीकि (15) और जय नागले (14) मोजमपुरा की ओर बाइक से घूमने गए थे। उन्होंने कहा कि वहां सड़क किनारे एक खेत के गड्ढे में पानी भरा देखकर दोनों नहाने के लिए उसमें उतर गए और डूब गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
त्रिपाठी ने बताया कि राहगीरों को गड्ढे के किनारे एक बाइक और कपड़े दिखे तो उन्होंने पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन गड्ढे में पानी ज्यादा होने से दोनों के शव नहीं मिले। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय रायसेन से बचाव दल को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि देर रात करीब 2 बजे दोनों के शवों को निकाला गया और रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

