रायसेन में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत

रायसेन में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत
Share this news

रायसेन (मध्यप्रदेश), 01 मार्च 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्राम सुमेर पुल के पास हुई दुर्घटना

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार रात करीब नौ बजे जिला मुख्यालय से 80 किलोमीटर दूर बेगमगंज थाना क्षेत्र में सागर मार्ग पर ग्राम सुमेर के पुल के पास हुई। बेगमगंज थाना प्रभारी राजीव उइके ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सागर जिले के ग्राम सागोनी के निवासी अमर सिंह बंसल (40) अपनी मोटरसाइकिल से बेगमगंज से वापस घर लौट रहे थे तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी टक्कर हो गई।

दोनों मोटरसाइकिलों के उड़ गए परखच्चे

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और बंसल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार जिले के देवलापुर निवासी नितिन रावत (18) और उसका मित्र मोनू कुर्मी (20) गंभीर रूप से घायल हो गए।

रावत की देर रात इलाज के दौरान सागर में मौत

उइके ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रावत तथा कुर्मी को बेगमगंज सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया लेकिन दोनों की स्थिति नाजुक होने के कारण सागर मेडिकल कॉलेज भेज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि रावत की देर रात इलाज के दौरान सागर में मौत हो गई जबकि मोनू कुर्मी की हालत गंभीर है।

थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार सुबह बंसल का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया जबकि रावत का पोस्टमार्टम सागर के मेडिकल कॉलेज में किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements