मुंबई से बलिया जा रही ट्रेन में सवार यात्री की मौत, शव मप्र के सतना में उतारा गया

मुंबई से बलिया जा रही ट्रेन में सवार यात्री की मौत, शव मप्र के सतना में उतारा गया
Share this news

सतना (मध्यप्रदेश), 30 जुलाई 2026 (भाषा)

मुंबई से उत्तर प्रदेश के बलिया जा रही एक ट्रेन में बृहस्पतिवार को 41 वर्षीय एक बीमार यात्री की मौत हो गई और मध्यप्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद उसके शव को उतार लिया गया।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि जबलपुर में रेलवे अधिकारियों ने सतना जीआरपी को सूचित किया कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया कामायनी एक्सप्रेस के कोच एस-8 में बर्थ नंबर 12 पर यात्रा कर रहे राजेंद्र यादव की हालत गंभीर है।

उन्होंने बताया कि ट्रेन दोपहर करीब 12 बजे सतना पहुंची, जहां रेलवे के एक चिकित्सक ने कोच के अंदर यादव की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि सहयात्रियों ने पुलिस को बताया कि ट्रेन के मैहर स्टेशन के पास से गुजरने के बाद यादव ने कोई हलचल नहीं दिखाई।

राज ने बताया कि जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले यादव की तबीयत खराब थी और उनके छोटे भाई ने उन्हें मुंबई में ट्रेन में बिठाया था।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements