ठाणे, 31 जुलाई 2026 (भाषा)
महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई तथा चार से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
पावरलूम नगरी भिवंडी में दर्दनाक हादसा
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पावरलूम नगरी भिवंडी में बालाजी नगर क्षेत्र स्थित कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे ढह गया। रेसिडेंट डिप्टी कलेक्टर (आरडीसी) संदीप माने ने कहा, ‘‘कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। चार से पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और तलाश एवं खोजन अभियान जारी है।’’ उन्होंने बताया कि एक नाबालिग को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल ले जाया गया।
48 कमरों वाली इमारत पहले से थी खतरनाक घोषित
नगरपालिका के अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे। इस इमारत को पहले ही नगर निकाय द्वारा खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसा उस समय हुआ, जब परिसर में मरम्मत का काम जारी था। एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से ‘‘तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं।’’
मलबा हटाने में जुटा श्वान दस्ता और भारी मशीनें
खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की लेकिन जब कुछ निवासी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर ढह गई। मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ठाणे आपदा मोचन बल और स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव कार्य में श्वान दस्ता, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और मलबा हटाने वाली भारी मशीनें तैनात की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस मानसून में ठाणे जिले में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई है और 20 लोग घायल हुए हैं, जिसमें यह घटना भी शामिल है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

