गाय को बचाने के प्रयास में दीवार से टकराई विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की एसयूवी, लगी आग

गाय को बचाने के प्रयास में दीवार से टकराई विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की एसयूवी, लगी आग
Share this news

सिवनी, 04 जून 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की ‘एसयूवी’ सड़क किनारे एक दीवार से टकरा गई और वाहन में आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब ‘एसयूवी’ चालक ने एक गाय को बचाने के प्रयास में वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार दीवार से टकरा गयी। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में विधायक बाल-बाल बच गए।

जबलपुर से घुरवाड़ा लौट रहे थे विधायक बाबा

एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना जिले के धूमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंजारी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उस समय हुई, जब लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक बाबा जबलपुर से अपने गृह गांव घुरवाड़ा लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि विधायक, उनके सुरक्षाकर्मी राजू धुर्वे और चालक अन्नू वाहन में सवार थे।

टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में लग गई आग

अधिकारी ने बताया कि रास्ते में अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद एसयूवी सड़क किनारे स्थित बंजारी हाईस्कूल (हर्बल गार्डन) की चारदीवारी से टकरा गई। अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग गई और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गयी। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से विधायक समेत सभी सवारों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि तीनों को उपचार के लिए लखनादौन अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी को मामूली चोटें आईं, जबकि चालक के होंठ पर टांके लगाने पड़े हालांकि उपचार के बाद तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

गाय को बचाने के प्रयास में हुई यह दुर्घटना

लखनादौन के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) अपूर्वा भालावी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements