मुख्यमंत्री ने राखी के शगुन के साथ ‘लाडली बहनों’ के खातों में 1750 रुपये डाले

मुख्यमंत्री ने राखी के शगुन के साथ ‘लाडली बहनों’ के खातों में 1750 रुपये डाले
Share this news

मैहर (मध्यप्रदेश), 20 अगस्त 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘लाडली बहन योजना’ के तहत पात्र प्रत्येक महिलाओं के खाते में रक्षाबंधन के शगुन के तौर पर बुधवार को 1,750 रुपये की राशि अंतरित की और इस दौरान उन्होंने लोकप्रिय गीत ‘फूलों का तारों का, सबका कहना है’ भी गाया।

लाडली बहनों के खाते में भेजे गए 250 रुपये अतिरिक्त

राज्य में ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ के तहत सवा करोड़ से अधिक महिलाएं हैं और प्रत्येक लाभार्थी को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं। इस महीने रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण महिलाओं को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कुल 2,148 करोड़ रुपये अंतरित किए। उन्होंने धार्मिक नगरी मैहर में 256 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

हम हर महीने मनाते हैं त्योहार’

कार्यक्रम के दौरान जन अभियान परिषद के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को विशाल राखी भेंट की। यादव ने कहा, ‘‘राखी साल में एक बार आती है, लेकिन हम हर महीने यह त्योहार मनाते हैं। आज लाड़ली बहनों का प्यार और उनकी संख्या देखकर खुशी होती है।’’ उन्होंने कहा कि पारंपरिक त्योहार परिवारों को एक सूत्र में बांधते हैं।

सीएम बोले- भाजपा सरकारें पूरा करती हैं हर वादा

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी संस्कृति में पूरी पृथ्वी को एक परिवार माना जाता है। हम अपने पेड़-पौधों, नदियों और पहाड़ों को भी अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं।’’ उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत की बेहतर स्थिति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारें लोगों से किए गए वादे पूरे करती हैं।

सीएम ने गीत गाकर जताया लाड़ली बहनों से प्यार

यादव ने कहा, ‘‘आज मुझे वह गीत याद आ रहा है—‘फूलों का तारों का, सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है।’ हमारी सरकार को सवा करोड़ बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। आज हमारी सरकार ने सावन माह के लिए नियमित राशि के अलावा 250 रुपये अतिरिक्त दिए हैं।’’

39 किस्तों में बांटे गए 63,248 करोड़

जून 2023 में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना शुरू होने से अगस्त 2026 तक 39 किस्तों में लाभार्थियों के खातों में 63,248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है। वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। यादव ने कहा कि 2022 में प्रधानमंत्री द्वारा महाकाल लोक गलियारे के उद्घाटन के बाद पूरे उज्जैन जिले में बदलाव आया है। इसी तर्ज पर बनने वाले मां शारदा लोक गलियारे के पहले चरण का भूमिपूजन बुधवार को किया गया।

19 धार्मिक शहरों में बंद हुईं शराब की दुकानें

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने नक्सलियों का पूरी तरह सफाया किया है और अब नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सरकार ने 19 धार्मिक शहरों में शराब की दुकानें बंद कर दी हैं। हम जीवन बचाने और सभी प्रकार के व्यसनों के खिलाफ लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

बच्चों को दें उच्च शिक्षा और नशे से रखें दूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत परिवारों को बर्बाद कर देती है। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और उन्हें बड़े पदों पर पहुंचने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित करने के साथ ही नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैहर में जिलाधिकारी बिदिशा मुखर्जी समेत 16 महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं कार्यरत हैं।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर सीएम यादव का हमला

यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस नेताओं ने ठीक से काम किया होता तो विधानसभा में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल गया होता। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि कांग्रेस किस बात से डरती है। अगर माताएं और बहनें लोकसभा और विधानसभाओं में प्रवेश करती हैं तो इसमें गलत क्या है?’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements