महाराष्ट्र : समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत के बाद आलंदी में शोक की लहर

महाराष्ट्र : समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत के बाद आलंदी में शोक की लहर
Share this news

पुणे, 02 अक्टूबर 2026 (भाषा)

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर में पिकनिक के दौरान समुद्र में डूबकर जान गंवाने वाले आठ छात्रों के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पुणे के निकट आलंदी में बड़ी संख्या में लोग जुटे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

आलंदी पहुँचे 16 वर्षीय छात्रों के पार्थिव शरीर

ये सभी 16 वर्षीय लड़के स्थानीय कोचिंग संस्थान ‘विनर्स एकेडमी’ के उस समूह का हिस्सा थे, जो इस प्रसिद्ध समुद्र तट पर पिकनिक मनाने गया था। 11वीं और 12वीं कक्षा के इन छात्रों के शव शुक्रवार सुबह आलंदी लाए गए, जहां उनके रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए।

बंद का आह्वान, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

एक स्थानीय निवासी ने कहा, ‘‘इस त्रासदी ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। छात्रों की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए निवासियों और व्यापारियों ने शुक्रवार को आलंदी बंद रखने का आह्वान किया है।’’ इनमें से चार छात्रों राजवीर वाहिले, सोहम भांडवलकर, सुमित अहिरे और तन्मय वाहिले का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह कस्बे के एक श्मशान में किया गया।

अलग-अलग स्थानों पर दी जाएगी छात्रों को विदाई

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दो अन्य छात्रों का अंतिम संस्कार आलंदी में किया जाएगा, जबकि कौस्तब दौंड और यश वानखेड़े के शव अंतिम संस्कार के लिए क्रमश: अहिल्यानगर जिले के राहुरी और अमरावती ले जाए जाएंगे।

दिवेआगर में पिकनिक मनाने पहुँचे थे 48 लोग

पुलिस के अनुसार, 48 लोगों का एक समूह बृहस्पतिवार को समुद्र तट और ऐतिहासिक मंदिरों के लिए प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर में पिकनिक मनाने गया था। समूह में 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे।

खोज व बचाव दल ने निकाले पार्थिव शरीर

अधिकारियों ने बताया कि आठ लड़के समुद्र में चले गए और पानी की गहराई तथा तेज लहरों के बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण बह गए। सूचना मिलते ही खोज और बचाव दल मौके पर पहुंचे और उन्होंने शवों को बाहर निकाला।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements