बरेली हिंसा के सिलसिले में मौलाना तौकीर रजा समेत 39 लोग गिरफ्तार

बरेली हिंसा के सिलसिले में मौलाना तौकीर रजा समेत 39 लोग गिरफ्तार
Share this news

बरेली (उप्र), 28 सितंबर 2025 (भाषा)

इत्तेहाद-ए-मिल्लत परिषद के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान समेत 39 लोगों को शुक्रवार को नमाज़ के बाद हुई हिंसक झड़पों के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार से अगले 48 घंटों के लिए बरेली में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है तथा फेसबुक, व्हाट्सएप और यूट्यूब पर संदेश भेजे नहीं जा सकेंगे।

आठ उपद्रवियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

इस बीच, बरेली केंद्रीय कारागार-2 के सूत्रों ने बताया कि तौकीर रजा को फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित कर दिया गया। बरेली केंद्रीय कारागार-2 को पूर्व में बरेली जिला जेल के नाम से जाना जाता था। शनिवार को बरेली के जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि बरेली में बवाल के मुख्य साजिशकर्ता मौलाना तौकीर रजा समेत आठ उपद्रवियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

हिंसा से अराजकता का माहौल

पुलिस ने तौकीर रजा खान पर शुक्रवार को अपने भड़काऊ भाषण से हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा खान के उकसावे पर युवाओं की भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी, जिससे खलील तिराहा से लेकर इस्लामिया मैदान तक ‘‘अराजकता’’ का माहौल बन गया।

जेल भेजे गए सात लोगों की पहचान

  • सरफराज
  • मनीफुद्दीन
  • अज़ीम अहमद
  • मोहम्मद शरीफ
  • मोहम्मद आमिर
  • रेहान
  • मोहम्मद सरफराज

एसएसपी ने दावा किया कि मौलाना तौकीर रजा खान शुक्रवार से ही निगरानी में थे। मौलाना तौकीर रजा खान नेशुक्रवार की रात पार्टी नेता और अपने दोस्त फरहत के घर पर बिताई, जबकि उनके समर्थकों को बताया गया कि वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी, कैंट और किला समेत शहर के विभिन्न थानों में हिंसा भड़काने, तोड़फोड़, दंगा, पथराव और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मौलाना तौकीर समेत 180 नामजद और 2,500 अज्ञात दंगाइयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत दस मामले दर्ज किए गए हैं।

48 घंटों के लिए इंटरनेट सेवा बंद

पुलिस ने शुक्रवार रात से शनिवार तक 39 दंगाइयों को गिरफ्तार किया है। मौलाना तौकीर समेत आठ दंगाइयों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। आर्य ने बताया कि बरेली में शनिवार से अगले 48 घंटों के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है जिससे फेसबुक, व्हाट्सएप और यूट्यूब पर संदेश भेजे नहीं जा सकेंगे।

आई लव मुहम्मद के लगाए पोस्टर

तौकीर रज़ा की गिरफ़्तारी बरेली में तनाव के एक दिन बाद हुई है, जहां शुक्रवार की नमाज के बाद कोतवाली इलाके में एक मस्जिद के बाहर ‘आई लव मुहम्मद’ के पोस्टर लिए एक बड़ी भीड़ पुलिस से भिड़ गई थी। तौकीर रजा खान दो दशकों से ज़्यादा समय से राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं तथा बरेली और आसपास के जिलों में उनका कुछ प्रभाव है।

रजा खान ने सरकारी बयानों का किया खंडन

सूत्रों के अनुसार, पुलिस हिरासत में लिए जाने से पहले मौलाना तौकीर रजा खान ने शुक्रवार रात एक वीडियो बयान जारी किया जिसमें बरेली में हुई झड़पों से संबंधित आधिकारिक/सरकारी बयानों का खंडन किया और आरोप लगाया गया कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है, जिससे वह अपने समर्थकों को संबोधित नहीं कर पा रहे हैं।

रजा खान ने प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों को दी बधाई

अपने वीडियो में मौलाना तौकीर रजा खान ने प्रदर्शन में शामिल हुए लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘…इसमें भाग लेने वाले नौजवानों को मैं बधाई देता हूं।’’ उन्होंने नमाज के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुसलमानों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रपति को एक पत्र सौंपने की अपनी योजना का जिक्र करते हुए अफसोस जाहिर किया, ‘‘उन्हें घर में ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया। इसीलिए मैं कल रात से अपने दोस्त के घर पर रहा।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements