कुत्ते के काटने से भैंस की मौत के बाद करीब 200 ग्रामीणों ने लगवाया रेबीज का टीका

कुत्ते के काटने से भैंस की मौत के बाद करीब 200 ग्रामीणों ने लगवाया रेबीज का टीका
Share this news

बदायूं (उप्र), 29 दिसंबर 2025 (भाषा)

बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में कुत्ते के काटने से भैंस की मौत होने की जानकारी सामने आने के बाद उसके दूध से बनी दही का रायता खाने वाले ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आनन-फानन में करीब 200 ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एहतियातन रेबीज का टीका लगवाया।

क्या हैं पूरा मामला?

ग्रामीणों के अनुसार, 23 दिसंबर को उझानी थाना क्षेत्र स्थित पिपरौल गांव में तेरहवीं संस्कार का आयोजन किया गया था, जिसमें पूरे गांव को दावत दी गई थी। दावत में रायता भी परोसा गया जिसे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खाया। बाद में जानकारी सामने आई कि जिस भैंस के दूध से जमायी दही का रायता तैयार किया गया था उसे कुछ दिन पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। 26 दिसंबर को उस भैंस की मौत हो गई जिसके बाद गांव में संक्रमण फैलने की आशंका को लेकर अफरा-तफरी मच गई।

उन्होंने बताया कि डर के माहौल में शनिवार और रविवार को पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और रेबीज का टीका लगवाया।

दूध उबालने का असर

बदायूं जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव में एक भैंस को पागल कुत्ते ने काट लिया था और रेबीज के लक्षणों के कारण उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा उस भैंस के दूध से जमायी दही का रायता खाने की बात सामने आई थी। एहतियात के तौर पर सभी को रेबीज का टीका लगवाने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि आमतौर पर दूध उबालने के बाद रेबीज की आशंका नहीं रहती, लेकिन किसी भी संभावित जोखिम से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements