हाइलाइट्स
| 1. बुलंदशहर जिले में तीर्थयात्रियों से भरे ट्रैक्टर को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। 2. हादसे में दो बच्चों सहित आठ श्रद्धालुओं की मौत हुई। 3. घायल 43 से अधिक लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, तीन की स्थिति गंभीर है। |
बुलंदशहर (उप्र), 25 अगस्त 2025 (भाषा)
उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ हैं। तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य घायल हो गए।
देर रात हुआ यह हादसा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार देर रात दो बजे के बाद बुलंदशहर-अलीगढ़ सीमा पर अरनिया बाईपास के पास उस समय हुई सिंह ने बताया, ‘‘ट्रैक्टर-ट्रॉली में 61 लोग सवार थे, जो कासगंज जिले के रफातपुर गांव से राजस्थान के जाहर पीर में तीर्थयात्रा के लिए जा रहे थे। एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई।
घायलों की हालत नाजुक
घायलों को एक निजी अस्पताल सहित कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जबकि 43 अन्य का उपचार किया जा रहा है। इनमें से तीन घायलों को वेंटिलेटर पर रखा गया है।’’ 10 यात्री मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों में से 10 को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, 10 को बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 43 घायलों में से 12 की उम्र 18 वर्ष से कम है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान:
- ट्रैक्टर चालक ईयू बाबू (40)
- रामबेटी (65)
- चांदनी (12)
- घनीराम (40)
- मोक्षी (40)
- शिवांश (6)
- योगेश (50)
- विनोद (45)
ट्रक जब्त कानूनी कार्रवाई शुरू
जिलाधिकारी श्रुति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। हरियाणा में पंजीकृत ट्रक को जब्त कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बुलंदशहर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पोस्ट में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।’’
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के समुचित उपचार का व्यय उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

