गाजियाबाद (उप्र), 21 अगस्त 2025 (भाषा)
गाजियाबाद जिले में एक अजीबो गरीब मामले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही जैसी दिखो ये कहकर जबरन घंटों तक सख्त व्यायाम कराने और इससे इनकार करने पर खाना नहीं देने व दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है।
शादी में भारी खर्च, बाद में बढ़ी दहेज की मांग
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी छह महीने पहले हुई थी। उसके परिवार ने शादी पर 76 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किये थे। इसके बावजूद उसका पति और ससुराल के अन्य लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे।
पति का रोजाना 3 घंटे कसरत का दबाव
साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसकी शारीरिक बनावट को लेकर लगातार ताने मारता था तथा वह उसे ‘‘मोटी और बदसूरत’’ भी कहता था। उसका पति एक सरकारी स्कूल में शारीरिक शिक्षा का अध्यापक है। शिकायत में कहा गया है कि उसका पति और ससुराल वाले उससे कथित तौर पर रोज़ाना तीन घंटे कसरत करने की मांग करते थे और अगर वह ऐसा नहीं करती तो उसे खाना नहीं देते थे। उसने अपने पति पर मारपीट का भी आरोप लगाया है।
सहायक पुलिस आयुक्त सलोनी अग्रवाल ने पुष्टि की कि महिला थाने में शिकायत दर्ज की गई है।
पति पर अश्लील सामग्री देखने और मारपीट का आरोप
महिला ने यह भी दावा किया है कि उसका पति अक्सर इंटरनेट पर महिलाओं के ‘आपत्तिजनक वीडियो’ देखता था। वह अक्सर उससे मारपीट भी करता था। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

