पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए सऊदी अरब में फांसी लगाई

पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए सऊदी अरब में फांसी लगाई
Share this news

मुजफ्फरनगर (उप्र), 29 अक्टूबर 2025 (भाषा)

जिले के भोपा के भोकरहेड़ी निवासी आस मोहम्मद अंसारी (24) ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। युवक फांसी लगाते समय पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।

पत्नी के सामने उठाया कदम

पुलिस और अंसारी के परिजनों के मुताबिक, उसने सऊदी अरब के रियाद में आत्महत्या कर ली। इस दौरान वह भारत में अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। यहां एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आस मोहम्मद अंसारी ने 26 अक्टूबर को रियाद में अपने घर की छत से फांसी लगा ली। उन्होंने कहा कि वीडियो कॉल के दौरान उसकी पत्नी सानिया (21) से कथित तौर पर कहासुनी हो गई थी।

अप्रैल में हुई थी शादी

अंसारी के इस कदम पर सानिया ने शोर मचाया और घर वालों को इस बात की जानकारी दी। घर वालों ने रियाद में रहने वाले अपने परिचितों से संपर्क कर उन्हें जानकारी दी और वे जब अंसारी के घर पहुंचे तो उसे मृत पाया। परिवार वालों ने बुधवार को बताया कि अंसारी और सानिया की शादी इस साल सात अप्रैल को हुई थी। अंसारी करीब ढाई महीने पहले काम के सिलसिले में सऊदी अरब गया था।

शव को भारत लाने की कोशिश शुरू

अंसारी के रिश्तेदार अमजद अली ने कहा कि उसके शव को दफनाने के लिए मुजफ्फरनगर लाने की कोशिशें जारी हैं। परिवार के सदस्यों ने यह भी कहा कि रियाद में भारतीय दूतावास को सूचित कर दिया गया है और शव को वापस लाने के लिए जरूरी कागजात का इंतजाम किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements