कटनी : बाइक सवार दो युवकों ने भाजपा नेता नीलेश रजक की गोली मारकर की हत्या

Share this news

कैमोर नगर में बड़ौदा बैंक के सामने हुए गोलीकांड से क्षेत्र में सनसनी, आक्रोशित लोगों ने किया चका जाम,एसपी ने थाना प्रभारी, प्रधान आरक्षक को हटाया, क्षेत्र में तनाव, भारी पुलिस बल मौके पर तैनात

कटनी, 29 अक्टूबर 2025 (दैमप्र)

कैमोर में मंगलवार को दिनदहाड़े बड़ौदा बैंक के सामने भाजपा नेता भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निलेश नीलू रजक की दो बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी, वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गोली मारने वाले नकाबपोश मौके से फरार हो गये। घायल को विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने विजयराघवगढ़ कटनी मार्ग पर चका जाम कर दिया जबकि एक संदिग्ध आरोपी के पिता के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की भी खबर है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने विशेष टीमों को लगाया है वहीं कैमोर में बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया है। जानकारी के अनुसार कैमोर घटनाक्रम की खबर राजधानी तक गूंजी है जिसके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से लेकर पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सांसद वीडी शर्मा ने जिला प्रशासन से बात कि और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं इसके अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सीएम डॉ. मोहन यादव से भी घटना को लेकर बात की है। मामले की गंभीरता के मद्देनजर जबलपुर जोन के आईजी डीआईजी भी कैमोर पहुंचे हैं। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हत्यारे प्रिंस जोसेफ एवं अकरम खान हैं जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है जबकि थाना प्रभारी अरविंद चौबे एवं प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल को लाइन अटैक कर दिया गया है।

आरोपी के पिता ने लगाई फांसी ?

घटना के बाद संभावित संदिग्ध आरोपी प्रिंस के पिता नेल्सन जोसेफ ने आत्महत्या कर ली है। नेल्सन के भतीजे ने बताया कि चाचा मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे घर आए परिवारजनों सामान्य रूप से  बातचीत की ओर उसके बाद अंदर आकर चटकनी लगा ली। इसके बाद दरवाजा नही खोलने पर परिजनों ने जाली से देखा तो वह फांसी लगा चुके थे। 

परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े

गोलीकांड के बाद से कैमोर और विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में लोगों को आक्रोश के चलते पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन लगातार परिजनों से शव का पीएम करवाने की अपील कर रहे थे। परिजन 6 घंटे से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए है। विधायक संजय पाठक और भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी मौके पर पहुंचे है। इस दौरान कटनी विजयराघवगढ़ पर बड़े वाहनों का ट्रैफिक रोक दिया गया है। भाजपा नेता नीलेश रजक की हत्या के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए कैमोर में जबलपुर डीआईजी अतुल सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।

गोलीकांड की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद 

गोली कांड की वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें पूरी वारदात का वीडियो में दो बाइक सवार हमलावर  आकर भाजपा नेता को गोली मारते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धारवे ने बताया कि घटना सुबह साढ़े 11 बजे की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हम टीमें बनाकर काम कर रहे हैं। पूरी कोशिश है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार हों। किसी भी हालत में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना कैमोर एसीसी गेस्ट हाउस के पास हुई है। मृतक बजरंग दल से जुड़ा बताया गया है। वह एसीसी में वेंडर का काम भी करता था।

18 साल से भाजपा से जुड़े थे रजक

नीलेश रजक पिछले 18 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। 2023-24 में उन्हें पार्टी ने पिछड़ा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके साथ ही, उन्हें बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। नीलेश रजक विजयराघवगढ़ विधानसभा के विधायक और पूर्व राज्य मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक के करीबी सहयोगी माने जाते है।

सूचना के बाद भी आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस 

 कैमोर में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निलेश नीलू रजक की विशेष समुदाय से आने वाले अकरम खान, प्रिंस जोसफ नाम के दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पूरे कैमोर विजयराघवगढ़ नगर में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई लोगों ने मृतक नीलू रजक की बॉडी को विजयराघवगढ़ हॉस्पिटल लेकर जाने के लिए कैमोर थाना प्रभारी को फोन किया पर आधा घंटे बाद तक पुलिस प्रशासन का कोई अधिकारी घटना स्थल पर नहीं पहुंचा बाद में बॉडी को विजयराघवगढ़ हॉस्पिटल लाया गया जहां डॉक्टर ने नीलू रजक को एराइवल डेड घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलने पर सांसद वी डी शर्मा के साथ बिहार चुनाव में अपनी पार्टी का प्रचार करने पटना गए हुए स्थानीय विधायक संजय पाठक एवं सांसद वी डी शर्मा ने पटना से ही पुलिस प्रशासन से बात कर हत्या करने वाले दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की तथा संजय पाठक विशेष विमान से शाम को विजयराघवगढ़ हॉस्पिटल पहुंचे जहां उन्होंने एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ने कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से अपराधियों की गिरफ्तारी होने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं संरक्षण देने वालों पर कार्यवाही की मांग माने जाने तक पोस्टमार्टम न कराने चक्का जाम करने बात रखी।

लव जिहाद व स्कूल में छेड़छाड़ रोकना बनी हत्या की वजह ?

आरोप है कि हत्या के अभियुक्त अकरम खान व उसके साथी स्कूल कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं, युवतियों से लव जिहाद की तर्ज पर अश्लील छेड़खानी करते थे जिसका विरोध नीलू रजक द्वारा किया जाता था। इसी तरह की घटना में एक महीने पहले कैमोर डीवीए स्कूल में अकरम खान एवं उसके साथ के लड़कों द्वारा लड़की छेड़ने से मना करना नीलू रजक की हत्या का कारण बना, कैमोर पुलिस ने लड़की छेड़ने से रोकने पर आरोपी अकरम खान से मिलकर नीलू रजक पर मामला दर्ज कर दिया था, टीआई के सामने अकरम खान ने गोली मारने की धमकी दी थी जिसके विरोध में स्थानीय लोगों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से मिलकर गलत तरीके से की गई एफआईआर रद्द करने व सही जांच कराने की मांग की थी पर पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई और मौका मिलते ही नीलू रजक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सौंपा मांगपत्र 

जिला प्रशासन को सौंपे मांग पत्र में कैमोर में हुए हत्याकांड के विरोध में स्थानीय लोगों,भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग पर विधायक संजय पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को अपराधियों  पर कार्यवाही,उनको संरक्षण देने वालों पर कार्यवाही, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री तत्काल बंद कराने , अवैध हत्यारों को उपलब्ध कराने वाले आर्म सप्लायर पर कार्यवाही करने, टीआई सहित दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही सहित अन्य मांगों का पत्र सौंपते हुए प्रशासन की कार्यवाही के बाद ही पोस्ट मार्टम एवं दाह संस्कार कराने की मांग रखी है। देर शाम पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यवाही करते हुए टीआई अरविन्द चौबे एवं प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

संपूर्ण घटनाक्रम के दौरान विधायक संजय पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, मनीष पाठक,जनपद अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, पलक ग्रोवर, राजेश्वरी दुबे, पीयूष अग्रवाल, वसुधा मिश्रा,मंडल अध्यक्ष भवानी मिश्रा,श्रीराम सोनी, प्रमोद सोनी, विवेक सिंह, जगदीश गुप्ता, प्रमोद पटेल, मनोज तिवारी ,सुरेश सोनी,अशोक विश्वकर्मा, आशीष गुप्ता बाबा, मनीष मिश्रा, अजय पप्पू शर्मा,जयवंत सिंह, संतोष केवट, रंगलाल पटेल, अरविंद बड़गैया, प्रमोद शुक्ला , अंकुर ग्रोवर, संतोष परोहा,मोनू सेठी,सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं नागरिकों की मौजूदगी रही।

नीलू के हत्यारों को बक्शा नहीं जाएगा- संजय पाठक 

कैमोर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बजरंग दल के पूर्व पदाधिकारी निलेश नीलू रजक को कैमोर में हुई दर्दनाक हत्या की खबर पटना बिहार में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक को जैसे लगी उन्होंने नीलू के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख जताया एवं अपनी परिजनों को दुख सहन करने की प्रार्थना करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपना एक अच्छा कार्यकर्ता समाजिक व्यक्तित्व एवं मैंने अपना छोटे भाई को खो दिया है । बिहार में अपना आगे का चुनाव प्रचार कार्यक्रमों को रद्द करते हुए तत्काल विजयराघवगढ़ लौटने का फ़ैसला लिया और इसी बीच उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क करते हुए तत्काल दोषियों को पकड़ने की कार्यवाही में तेजी लाने के संबंध में बात की । विधायक संजय पाठक शाम को पटना से विजयराघवगढ़ कैमोर पहुंच गए थे।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements