प्रयागराज, 03 जनवरी 2026 (भाषा)
पौष पूर्णिमा स्नान के साथ शनिवार से प्रयागराज का माघ मेला प्रारंभ हो गया। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं और युवा सुबह से ही गंगा और संगम की ओर जाते दिखाई दिए। इस स्नान पर्व के साथ एक माह का कल्पवास भी आज से शुरू हो गया।
करीब पांच लाख कल्पवासियों का आज से कल्पवास प्रारंभ
त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र मिश्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि माघ मेले में करीब पांच लाख कल्पवासियों का आज से कल्पवास प्रारंभ हो जाएगा जिसके तहत वे दिन में दो बार गंगा स्नान और एक पहर भोजन लेते हैं और बाकी समय अपने आराध्य देवता का ध्यान, पूजन आदि करते हैं।
नौ लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा और संगम में स्नान
उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड पड़ने के कारण सुबह स्नानार्थियों की भीड़ थोड़ी कम रही, लेकिन धूप निकलने के साथ उनकी संख्या बढ़ने की संभावना है। पौष पूर्णिमा स्नान पूरा दिन भर चलेगा। मेला प्रशासन के मुताबिक सुबह 10 बजे तक नौ लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया।
प्रयाग धाम संघ के अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने बताया कि सुबह से ही कोहरा होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ बहुत अधिक नहीं है, लेकिन यदि कल्पवासियों की संख्या को जोड़ दें तो शाम तक 20 लाख के करीब श्रद्धालु पौष पूर्णिमा का स्नान कर सकते हैं।
पौष पूर्णिमा स्नान मुहूर्त शाम चार बजे तक
उन्होंने बताया कि आज शाम चार बजे तक पौष पूर्णिमा स्नान मुहूर्त रहेगा। मेले में श्रद्धालुओं का आगमन धीरे धीरे बढ़ रहा है। वहीं, कल्पवासी आज स्नान करने के बाद अपने पुरोहित से एक माह के कल्पवास का संकल्प लेंगे और उसी के अनुसार यहां मेले में प्रवास करेंगे।
प्रयागराज की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के मुताबिक, पौष पूर्णिमा पर 20 से 30 लाख श्रद्धालुओं के गंगा और संगम में स्नान करने की उम्मीद है। माघ मेले में 10,000 फुट क्षेत्र के 10 स्नान घाट बनाए गए हैं और नौ पांटून पुल बनाए गए हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

