कटनी : खेत में मवेशी चराने से मना करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत

कटनी : खेत में मवेशी चराने से मना करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत
Share this news

बरही थाना अंतर्गत ग्राम धवैया में घटना से ग्रामीणों में भारी रोष, बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचे सौंपा ज्ञापन कड़ी कार्रवाई की मांग

कटनी, 03 जनवरी 2026 (दैमप्र)

बरही थाना अंतर्गत ग्राम धवैया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खेत में मवेशी घुसने का विरोध करने पर एक महिला के साथ इतनी बर्बरता से मारपीट की गई कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।शुक्रवार को घटना के विरोध में

बड़ी संख्या में ग्रामीण सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मिलकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है और आश्वासन के बाद वापस लौटे हैं।

क्या है पूरा मामला ?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धवैया निवासी कलावति कुशवाहा पति भोला काछी 29 दिसंबर 2025 को अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान गाँव के ही दबंग रज्जन पाठक ने अपने मवेशी उनके गेहूँ के खेत में चराने के लिए छोड़ दिए। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

हमले में कलावति कुशवाहा के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत शासकीय अस्पताल बरही में भर्ती कराया। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें 1 जनवरी 2026 को जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

आरोपी दे रहा पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियाँ

मृतक महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को शिकायती पत्र सौंपकर गंभीर आरोप लगाते हुए परिजनों की मांग है कि आरोपी रज्जन पाठक पर धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए। पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपी को उसके भाई तुलसीदास पाठक का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण वह पहले भी कई अपराध कर चुका है। मांग की गई है कि संरक्षण देने वाले पर भी कार्रवाई हो। आरोप है कि आरोपी अब पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियाँ दे रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता द्वारा उग्र जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन और प्रशासन की होगी।

इनका कहना है 

बरही थाना अंतर्गत ग्राम धवैया में एक से मारपीट की गई थी जिसपर प्राथमिकी दर्ज की गई थी और महिला की इलाज दौरान मौत होने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि मामले में अग्रिम करवाई जारी है।

अभिनय विश्वकर्मा 

     एसपी

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements