लखनऊ, 20 फरवरी 2026 (भाषा)
लेकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक सांसद-विधायक अदालत में पेश हुए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ उनकी टिप्पणी से संबंधित मानहानि मामले में बयान दर्ज कराया।
सुनवाई की अगली तारीख नौ मार्च तय
राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “राहुल गांधी सुल्तानपुर में सांसद-विधायक अदालत में पेश हुए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ उनकी टिप्पणी से संबंधित मानहानि मामले में बयान दर्ज कराया।” उन्होंने कहा कि अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख नौ मार्च तय की है, जिस पर राहुल गांधी को अपने बचाव में सबूत पेश करने के लिए कहा गया है।
अमित शाह पर की थी अपमानजनक टिप्पणी
इस बीच, शिकायतकर्ता विजय मिश्रा से जब पूछा गया कि राहुल गांधी ने ऐसा कौन सा बयान दिया, जिससे वे आहत हुए, तो उन्होंने पत्रकारों से कहा, “राहुल गांधी ने बेंगलुरु में यह बयान दिया था। 2018 में एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को हत्यारा कहा था। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में हत्यारा शब्द का इस्तेमाल किया था.” मिश्रा ने शुक्रवार को कहा, “उन्होंने उनके (शाह) बारे में अपमानजनक टिप्पणी की। मैं इससे बहुत आहत हुआ। अपनी पार्टी के नेताओं से सलाह-मशविरा करने के बाद हमने उनके खिलाफ अदालत में शिकायत दर्ज कराई।”
यह मामला 2018 का है जब स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।
पांच साल से चल रहा मुकदमा
पिछले पांच साल से मुकदमा चल रहा है. दिसंबर 2023 में, अदालत के समक्ष उपस्थित न होने पर राहुल गांधी के खिलाफ वारंट जारी किया गया था। उन्होंने फरवरी 2024 में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद एक विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25,000 रुपये की दो जमानत राशि पर जमानत दे दी।
इसके बाद 26 जुलाई, 2024 को राहुल गांधी ने अदालत के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया। बाद में अदालत ने शिकायतकर्ता को मामले में सबूत पेश करने का निर्देश दिया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

