लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: वैन और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत

लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: वैन और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत
Share this news

लखीमपुर खीरी (उप्र), 18 मई (भाषा)

लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक वैन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चालक और दो महिलाओं समेत 10 लोगों की मौत हो गई।

हादसे में चालक सहित 10 लोगों की मौत

धौरहरा के पुलिस क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसा सिसैया-लखीमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर उंचगांव और भरेहता गांव के बीच हुआ जब लखीमपुर से बहराइच जा रही वैन की एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में वैन में सवार चालक सहित सभी 10 लोगों की मौत हो गई।

अनियंत्रित वैन दूसरी लेन में जाकर ट्रक से टकराई

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वैन अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि किसी अज्ञात कारण से वैन अपनी लेन से दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

मृतकों की पहचान:

पुलिस के अनुसार मृतकों में से नौ की पहचान कर ली गई है जिनमें जयदीप सिंह (25), अदनान खान (15), पवन राजभर (23), सोहन राजभर (21), रामगोपाल (42), सहज राम (35), पप्पू गौतम (18), गायत्री वैश्य (44) और जुलेखा (55) शामिल हैं।

एक अन्य मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया गहरा दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जनपद लखीमपुर खीरी में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’’ उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन को पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements