बाराबंकी (उप्र), 19 सितंबर 2025 (भाषा)
बाराबंकी जिले के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा इलाके में एक गलियारे के निर्माण कार्य के दौरान एक मकान को ढहाते समय 75 चांदी के सिक्के मिले, जिसके बाद मजदूरों के बीच झड़प हो गई। सिक्कों को जब्त कर लिया गया है और उन्हें पुरातत्व विभाग को सौंपा जाएगा।
सिक्को कोलेकर मची अफरा तफरी
बाराबंकी में ये सिक्के बृहस्पतिवार को कस्बे में जय नारायण गुप्ता के घर की नींव से एक मिट्टी के बर्तन में मिले। घटनास्थल पर मौजूद श्रमिकों ने बताया कि खुदाई के दौरान जैसे ही सिक्के मिले, वे इसको लेकर भिड़ गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर महादेवा पुलिस चौकी प्रभारी अभिनंदन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने घटनास्थल से 75 चांदी के सिक्के बरामद किए हैं।
अधिकारियों ने सिक्कों को लिया कब्जे में
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी और रामनगर थाने के प्रभारी अनिल कुमार पांडे भी पुलिस चौकी पहुंचे। अधिकारियों ने बरामद सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया, आवश्यक कागजी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि सिक्कों को जांच के लिए पुरातत्व विभाग भेजा जाएगा।
ये सिक्के महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम के काल के बताए जा रहे हैं। जमीन मालिक हरि नारायण गुप्ता ने बताया कि मजदूरों के पास से 75 चांदी के सिक्के बरामद हुए हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

