उप्र : सपा विधायक विधान भवन परिसर में धरने पर बैठे

उप्र : सपा विधायक विधान भवन परिसर में धरने पर बैठे
Share this news

लखनऊ, 05 अगस्त 2026 (भाषा)

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र से निलंबित समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इंजीनियर सचिन यादव राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर बुधवार को विधान भवन परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने ‘दान पात्र’ लेकर धरने पर बैठ गए।

सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप

सचिन यादव के साथ धरने में शामिल सपा विधायक अतुल प्रधान और डॉक्टर मुकेश वर्मा समेत कई नेताओं ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। सचिन अपने हाथ में एक दान पात्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाला पोस्टर लेकर बैठे थे। इसी पोस्टर को मंगलवार को सदन के बीचों-बीच लहराने के कारण विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें मौजूदा मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया था।

शिवपाल यादव पहुंचे धरनास्थल

पंकज मलिक, जय प्रकाश अंचल, आर. के. वर्मा और वीरेंद्र यादव समेत कई विधायकों ने सचिन यादव का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार आस्था से जुड़े इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराए। बाद में पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव भी धरनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद विधान भवन के मुख्य द्वार पर सपा सदस्य नफीस अहमद, फहीम, धर्मराज यादव, पिंकी यादव, अखिलेश, जय प्रकाश अंचल समेत कई सदस्य हाथों में पोस्टर लहराते हुए सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।

समर्थन के बाद सचिन यादव ने खोला मोर्चा

शिवपाल ने विधायक सचिन यादव से मुलाकात कर उन्हें समर्थन दिया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय भी सचिन के समर्थन में धरना स्थल पहुंचे। सचिन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि लोक आस्था से जुड़े राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिन बड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप हैं, उन पर चर्चा हो और सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करे।’’

आरक्षण और किसानों के मुद्दों पर जोरदार नारेबाजी

उन्होंने कहा, ‘‘हम सत्र से निलंबित हैं और सदन के अंदर भी नहीं जा सकते, लेकिन हम निलंबन से डरने वाले नहीं हैं।’’ सचिन ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि सरकार राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर नियम 311 के तहत सदन में चर्चा कराए और न्याय सुनिश्चित करे।’’ थोड़ी ही देर बाद बड़ी संख्या में सपा विधायक धरना स्थल पर पहुंच गए और उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी, आरक्षण न दिए जाने और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

आरोपियों को संरक्षण दे रही सरकार

सपा विधायक पंकज मलिक ने आरोप लगाया कि सरकार चढ़ावे की कथित चोरी में शामिल ‘‘बड़े लोगों’’ को बचा रही है। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हुआ था और सरकार ने मंगलवार को अनुपूरक बजट पेश किया था। यह सत्र बृहस्पतिवार तक चलेगा।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements