हाइलाइट्स
| 1. खंडवा में विजयादशमी के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में पलट गई। 2. इस हादसे में 7 बच्चियों सहित 11 श्रद्धालुओं की मौत हुई। 3. पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान खत्म हो गया है। |
इंदौर/खंडवा, 03 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में विजयादशमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को दुर्गा देवी की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान तालाब में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से सात लड़कियों समेत 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे को लेकर ‘एक्स’ पर शोक जताया। मोदी ने कहा,‘‘मध्यप्रदेश के खंडवा में हुए एक हादसे में लोगों की जान जाने से अत्यंत दुःखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और प्रत्येक घायलों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
पीडित परिवारों को चार लाख की सहायता राशि
इससे पहले, सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे में स्वजनों को खोने वाले परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की।
मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ यह हादसा
खंडवा के जिलाधिकारी ऋषव गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसा उस वक्त हुआ, जब पंधाना क्षेत्र में दुर्गा देवी की मूर्तियों को विसर्जन के लिए ले जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली श्रद्धालुओं समेत तालाब में पलट गई। जिलाधिकारी के मुताबिक, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को पहले ही चेताया था कि तालाब गहरा है, लेकिन ‘अति उत्साह के कारण’ श्रद्धालु नहीं माने और वे ट्रैक्टर ट्रॉली को तालाब में आगे लेकर चले गए जिससे यह वाहन पलट गया।
बचाव अभियान समाप्त
पुलिस और प्रशासन के साथ ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), होम गार्ड और स्थानीय गोताखोरों की मदद से संचालित बचाव अभियान खत्म हो गया है।
श्रद्धालुओं में सात लड़कियां शामिल
खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं में सात लड़कियां शामिल हैं। ’ उन्होंने बताया,‘‘हादसे के बाद 10 से 12 श्रद्धालुओं को तालाब से बाहर निकालकर बचा लिया गया। इनमें से तीन घायलों का इलाज किया जा रहा है।’’
मृतकों की पहचान:
- आरती (18)
- उर्मिला (16)
- शर्मिला (15)
- किरण (16)
- पाटली (25)
- संगीता (16)
- चंदा (08)
- दिनेश (13)
- गणेश (20)
- रेवसिंह (13)
- आयुष (09)
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल
हादसे के वक्त ट्रैक्टर ट्रॉली पर करीब 30 श्रद्धालु सवार थे। चश्मदीदों ने बताया कि इस वाहन के तालाब में पलटते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और इनमें से कई लोगों ने बचाव अभियान में मदद की।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

