अमरावती, 14 जुलाई 2025 (भाषा)
आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले में आमों से लदी एक लॉरी के एक मिनी ट्रक पर पलट जाने से नौ लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।
कैसे और कहा? आंध्रप्रदेश सड़क हादसा
अन्नामय्या जिले में आम से लदी लॉरी राजमपेट मंडल के थल्लापका गांव से कोडुर जा रही थी और उसमें लदे आम के बक्सों पर मज़दूर बैठे थे। एनएच-716 पर रेड्डीपल्ली तालाब के पास लॉरी पलट गई। “ट्रक के बाईं ओर पलट जाने से उस पर बैठे मजदूर गिर गए।”
शिकायतकर्ता एन शिव कुमार ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में कहा, “तेज़ गति से वाहन चलाने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। मेरी पत्नी और अन्य लोग वाहन के नीचे फंस गए जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।”
12 घायलों में से चार की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 12 घायलों में से चार की हालत गंभीर है, जिन्हें कडप्पा ज़िले के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि बाकी का इलाज स्थानीय अस्पताल में हो रहा है।
मुख्यमंत्री नायडू ने दुर्घटना पर किया दुख व्यक्त
इस बीच, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को घायल व्यक्तियों के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “यह दुखद है कि काम से घर लौटते समय गरीब मजदूरों की जान चली गई। सरकार मृतकों के परिवारों को पूरी सहायता प्रदान करेगी।”
राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर ने किया शोक व्यक्त
राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। एक प्रेस विज्ञप्ति में नज़ीर ने कहा, “इस दुखद दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से मैं बहुत दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
पुल्लमपेट पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे में बचे हुए लोगों ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

