जयपुर, 08 अक्टूबर 2025 (भाषा)
जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर दूदू के पास मंगलवार रात टैंकर की टक्कर के बाद गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक में आग लग गई। इस घटना में 40 से ज्यादा सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। हादसे में टैंकर का चालक जिंदा जल गया और एक व्यक्ति घायल हो गया।
इलाके के आसपास 42 सिलेंडरों के अवशेष
जयपुर के जिलाधिकारी डॉ. जितेंद्र सोनी ने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एक टीम ने सुरक्षा प्रोटोकॉल और व्यवस्था का पालन करते हुए बचे हुए सभी सिलेंडर हटा दिए हैं। ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, जयपुर-अजमेर राजमार्ग ‘‘इलाके के आसपास 42 सिलेंडरों के अवशेष या टुकड़े मिले। ये सभी फटे हुए सिलेंडर थे। 120 सिलेंडर सुरक्षित थे।
मोम की तरह पिघल गया लोहे का ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात सिलेंडर ले जा रहा ट्रक जयपुर-अजमेर राजमार्ग सड़क किनारे एक ढाबे के बाहर खड़ा था। चालक खाना खाने गया था, तभी एक टैंकर ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टैंकर के केबिन में आग लग गई और सिलेंडर ट्रक से बाहर बिखर गए। आग लगते ही इलाके के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। कुछ ही देर बाद सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे। कुछ फटे सिलेंडरों के टुकड़े कई मीटर दूर पाए गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। लोहे का ट्रक आग में मोम की तरह पिघल चुका था।
मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और राजमार्ग पर यातायात तुरंत रोक दिया गया। उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया।
एक व्यक्ति जिंदा जला
पुलिस उपाधीक्षक (दूदू) दीपक खंडेलवाल ने कहा, ‘‘घटना में टैंकर चालक जिंदा जल गया। एक अन्य व्यक्ति घायल है।’’ उन्होंने कहा कि बाद में राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

