शिमला, 08 अक्टूबर 2025 (भाषा)
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक निजी बस के भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 15 यात्रियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना झंडूता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। बस में 25-30 यात्री सवार थे और यह मरोतन से घुमारवीं जा रही थी।
प्रधानमंत्री ने जताया दुःख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
अब तक 15 लोगों की मौत
इस क्षेत्र में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौके पर मौजूद झंडूता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जे आर कटवाल ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बस के चालक और कंडक्टर सहित अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल भेजा गया है।
बचाव कार्य जारी
हिमाचल के बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर हैं और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि मलबे से 15 शव बरामद किए गए हैं। बचाव कार्य में लगे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बस पर गिर पड़ा।
अन्य नेताओं ने भी जताया दुःख
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

