इंदौर, 23 जनवरी 2026 (भाषा)
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की महू तहसील में दूषित पेयजल पीने से कम से कम नौ लोग बीमार पड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात को पट्टी बाजार और चंदर मार्ग इलाकों से जलजनित बीमारियों के मामले सामने आए।
एक अधिकारी ने बताया कि इंदौर के जिलाधिकारी शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और उन्होंने एक अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात की तथा प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से बात की। उन्होंने बताया कि नौ मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि कुछ अन्य घर पर ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हसनी के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग के कर्मी शुक्रवार सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर मेडिकल कॉलेज की एक टीम और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। वर्मा ने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जाएगा, कोई भी लक्षण नजर आने पर पीड़ितों का उचित उपचार किया जाएगा तथा गंभीर रोगियों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई भी मरीज गंभीर हालत में नहीं है और उनमें से कुछ को आज दिन में छुट्टी दे दी जाएगी
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

