एकता नगर (गुजरात), 31 अक्टूबर 2025 (भाषा)
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सरदार पटेल अन्य रियासतों की तरह पूरे कश्मीर को भारत में मिलाना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने ऐसा नहीं होने दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के बाद लोगों को किया संबोधित
गुजरात के एकता नगर में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के पास राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘सरदार पटेल का मानना था कि इतिहास लिखने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए बल्कि इतिहास बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए।’’
सरदार पटेल पूरे कश्मीर का एकीकरण करना चाहते थे : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘सरदार पटेल पूरे कश्मीर का एकीकरण करना चाहते थे जैसा उन्होंने अन्य रियासतों के साथ किया था। लेकिन नेहरू जी ने उनकी इच्छा पूरी नहीं होने दी। कश्मीर का विभाजन हुआ, उसे अलग संविधान और अलग झंडा दिया गया और कांग्रेस की इस गलती का खामियाजा देश को दशकों तक भुगतना पड़ा।’’
मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को ‘गुलामी की मानसिकता’ अंग्रेजों से विरासत में मिली है।प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने जो नीतियां बनाईं, जो निर्णय लिए, उन्होंने नया इतिहास रच दिया। मोदी ने कहा, ‘‘आजादी के बाद सरदार पटेल ने 550 से अधिक रियासतों का भारत संघ में विलय कराने का असंभव सा लगने वाला कार्य पूरा किया। एक भारत, श्रेष्ठ भारत का विचार उनके लिए सर्वोपरि था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरदार पटेल ने एक बार कहा था कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी राष्ट्र की सेवा करने से मिलती है। मैं अपने देशवासियों को यह संदेश देना चाहता हूं कि राष्ट्र की सेवा में खुद को समर्पित करने से बढ़कर खुशी का और कोई स्रोत नहीं है।’’
सरकार ने नक्सलवाद पर शक्तिशाली प्रहार किया : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राष्ट्र की एकता को कमजोर करने वाली हर साजिश को विफल करने का संकल्प जताते हुए कहा कि हमारी सरकार ने 2014 से नक्सलवाद और माओवाद पर निर्णायक एवं शक्तिशाली प्रहार किया है, हम इस खतरे को जड़ से मिटा देंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने घुसपैठ के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का फैसला किया है, हमें देश से हर घुसपैठिए को बाहर निकालने का संकल्प लेना होगा।
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का अवलोकन
अपने संबोधन से पहले मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का अवलोकन किया जिसमें पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने भाग लिया। सभी टुकड़ियों की कमान महिला अधिकारियों ने संभाली, जिनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जैसे अर्द्धसैनिक बल और जम्मू कश्मीर, पंजाब, असम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश की पुलिस टुकड़ियां शामिल थीं।
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एक टुकड़ी ने भी परेड में हिस्सा लिया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

