दार्जिलिंग, 05 अक्टूबर 2025 (भाषा)
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग उपमंडल में शनिवार को लगातार बारिश के कारण हुए बड़े भूस्खलन में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई।
वाहनों की आवाजाही बाधित
मिरिक-सुखियापोखरी मार्ग पर पहाड़ी ढलानों में से एक के पास हुए भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई तथा आसपास के कई इलाकों से संचार संपर्क टूट गया।
सात लोगों की मौत की खबर
दार्जिलिंग के उपमंडल अधिकारी रिचर्ड लेप्चा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘कल रात से हो रही भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग उपमंडल में हुए बड़े भूस्खलन में कम से कम सात लोगों के मारे जाने की खबर है। हमारे पास अभी सटीक आंकड़े नहीं हैं, क्योंकि बचाव और राहत कार्य अभी शुरू हुआ है।’’
बचाव एवं राहत कार्य जारी
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा मोचन दलों द्वारा बचाव एवं राहत कार्य जारी है। बचाव कार्य में सहायता के लिए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और दार्जिलिंग जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया है।
शुक्रवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ियों पर मिट्टी के कटाव और मामूली भूस्खलन की कई खबरें आई हैं, जिससे दार्जिलिंग और मिरिक के कई हिस्सों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

