चेन्नई/करूर, 28 सितंबर 2025 (भाषा)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि शनिवार को चेन्नई से लगभग 400 किलोमीटर दूर करूर में अभिनेता एवं राजनेता विजय की रैली में मची भगदड़ में आठ बच्चों समेत 38 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 16 महिलाएं भी शामिल
स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए सचिवालय में राज्य के शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई और बताया कि मृतकों में 16 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने इस घटना की जांच के लिए न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन के नेतृत्व में एक जांच आयोग के गठन की भी घोषणा की। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से भगदड़ पर रिपोर्ट मांगी है।
अमित शाह ने की रवि और स्टालिन से बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी करूर में भगदड़ के बाद की स्थिति की जानकारी लेने के लिए तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और स्टालिन से बात कर हर संभव केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया।
कैसे मची भगदड़
अधिकारियों के अनुसार, भगदड़ शाम करीब साढ़े सात बजे उस समय मची जब विजय अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। भारी संख्या में समर्थक दोपहर में ही इकट्ठा हो गए थे और टीवीके नेता व फिल्म कलाकार की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। विजय की पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने जब लोगों को बेहोश होते और गिरते देखकर शोर मचाया तब उन्होंने अपनी रैली रोक दी।बेहोश होने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख की अनुग्रह राशि
इस बीच, राज्य सरकार ने भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया शोक व्यक्त
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तमिलनाडु में मची भगदड़ में हुई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “तमिलनाडु के करूर जिले में भगदड़ जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई दुखद मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”
सीपी राधाकृष्णन ने जताया दुःख
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी घटना में जान गंवाने वाले लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना से उन्हें बहुत दुख हुआ है। राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं इस असहनीय दुःख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले उन शोक संतप्त माता-पिता व उनके रिश्तेदारों और तमिलनाडु के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त किया शोक
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, “तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
भगदड़ में हुई मौतों से मेरा दिल टूट गया : विजय
दूसरी ओर, टीवीके प्रमुख एवं अभिनेता विजय ने कहा ‘‘भगदड़ में हुई मौतों से मेरा दिल टूट गया, मैं असहनीय, अकथनीय पीड़ा और दुख में हूं।’’ विजय ने भगदड़ में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया तथा कहा कि वह अस्पतालों में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
कई अन्य नेताओं ने भी जताया दुःख
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अभिनेता एवं राजनेता कमल हासन और सुपरस्टार रजनीकांत सहित कई अन्य लोगों ने अपनी संवेदना व्यक्त की। सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने भगदड़ को लेकर विजय पर निशाना साधा।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

