महू में दूषित पेयजल पीने से लोगों के बीमार होने के बाद सर्वेक्षण टीम तैनात; दो अस्थायी अस्पताल बनाए

महू में दूषित पेयजल पीने से लोगों के बीमार होने के बाद सर्वेक्षण टीम तैनात; दो अस्थायी अस्पताल बनाए
Share this news

इंदौर, 24 जनवरी 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू कस्बे में दूषित पेयजल पीने से लोगों के बीमार होने के बाद प्रशासन ने 12 सर्वेक्षण टीम तैनात की हैं और दो अस्थायी अस्पताल स्थापित किए हैं।

पेयजल पीने से हुए करीब 24 लोग बीमार

प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार को महू के पट्टी बाजार क्षेत्र में जलजनित बीमारी से पीड़ित कम से कम 12 संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि इलाके में दूषित पेयजल पीने से करीब 24 लोग बीमार हुए हैं। प्रशासन ने एक बयान में बताया कि जिलाधिकारी शिवम वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को पट्टी बाजार क्षेत्र में सर्वेक्षण के लिए 12 टीम भेजी गईं, जिन्होंने अब तक 80 से अधिक घरों का सर्वेक्षण किया है। बयान में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्र की आबादी लगभग 2,500 है। क्षेत्र में दो अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं।

12 संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई

बयान के अनुसार, अब तक 12 संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई है, जिनका इलाज जारी है। इनमें से आठ मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने बताया कि पट्टी बाजार क्षेत्र से रक्त और पानी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने स्थानीय बाल रोग विशेषज्ञों सहित दो अन्य शिशु रोग विशेषज्ञों को भी प्रभावित क्षेत्र में तैनात किया है। इसके अलावा, प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में ओआरएस, ग्लूकोज, जिंक और क्लोरीन की गोलियों का वितरण भी शुरू कर दिया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements