लॉस एंजिलिस, 12 जनवरी 2026 (एपी)
अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ईरान के लोगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच घुस गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान प्रदर्शनकारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, बाद में कुछ लोग ट्रक के पीछे दौड़े और उन्होंने चालक पर हमला करने की भी कोशिश की।
पुलिस ने घेरा ट्रक लिया हिरासत में
कुछ दूर जाकर ट्रक रुक गया। उसकी खिड़की और दोनों ओर लगे शीशे टूट चुके थे। पुलिस ने ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने रविवार को एक बयान में बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। हालांकि उसकी पहचान नहीं बताई गई। पुलिस के अनुसार, ट्रक ने एक व्यक्ति को टक्कर मारी, लेकिन कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
1953 की घटना मत दोहराओ : अमेरिका
ट्रक पर लगे एक बैनर पर 1953 में अमेरिका के समर्थन से हुए तख्तापलट के कारण प्रधानमंत्री मोहम्मद मुसद्दिक की सरकार गिरने की घटना का उल्लेख करते हुए लिखा था, “न शाह, न उसकी सरकार। अमेरिका: 1953 की घटना मत दोहराओ।” अगस्त 1953 में हुए तख्तापलट के समय अमेरिका ईरान में सोवियत संघ के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंतित था। तख्तापलट की योजना का एक हिस्सा ब्रिटेन ने तैयार किया था। वह ईरानी तेल उद्योग पर फिर से नियंत्रण पाना चाहता था, जिसे मुसद्दिक ने राष्ट्रीयकृत कर दिया था।
इस तख्तापलट के बाद मुसद्दिक अपदस्थ हो गए और सत्ता पर शाह मोहम्मद रजा पहलवी की पकड़ मजबूत हुई। इसके बाद 1979 के इस्लामी क्रांति हुई, जिसमें गंभीर रूप से बीमार शाह ईरान छोड़कर भाग गए और अयातुल्ला रूहुल्लाह खुमैनी ने उस धर्मशासित शासन की शुरुआत की जो आज भी कायम है।
सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे लोग
‘एबीसी7’ की खबर के अनुसार रविवार दोपहर को लॉस एंजिलिस के वेस्टवुड इलाके में वेटरन एवेन्यू के निकट सैकड़ों लोग जमा हुए थे, जिसमें से कई लोग ईरान का झंडा लहरा रहे थे और वहां की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में पुलिस ने भीड़ को हटने का आदेश दिया। शाम पांच बजे तक वहां करीब सौ लोग ही बचे थे।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों पर सरकार की कार्रवाई में अब तक 530 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को फिर से ईरान की राजधानी तेहरान और दूसरे बड़े शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए थे। किसी विदेशी शहर में सबसे अधिक ईरानी लॉस एंजिलिस में रहते हैं।
विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

